रेलवे पुलिस ने शनिवार दोपहर एक बर्खास्त सिपाही को नाजायज इस्तेमाल के लिए वर्दी पहनने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। वह सोनभद्र से मजदूर लेकर उन्नाव जा रहा था। जीआरपी थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जीआरपी थाना प्रभारी मनोज सिंह को शनिवार दोपहर बाद खबर मिली कि प्लेटफार्म नंबर नौ पर पुलिस की वर्दी में एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। उन्होंने एक टीम भेजकर उस शख्स को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए अंबिका भारती निवासी शाहगंज जनपद सोनभद्र ने बताया कि वह पुलिस विभाग में सिपाही था। 1990 में उसे बर्खास्त कर दिया गया था। वह उन्नाव में मकान बनाकर रहने लगा और वहीं खेती करने लगा। वह खेती के लिए ही सोनभद्र से मजदूरों को उन्नाव ले जा रहा था। प्लेटफार्म पर नौचंदी एक्सप्रेस का इंतजार कर रहा था। रास्ते में कहीं पुलिसवाले कोई दिक्कत नहीं करें, इसलिए उसने वर्दी पहन ली थी। इंस्पेक्टर मनोज के मुताबिक, उसने बर्खास्तगी के 26 साल बाद वर्दी पहनी है तो साफ है कि उसने बेजा इस्तेमाल के इरादे से नई वर्दी बनवाई। उसके खिलाफ एफआईआर लिखी गई है।