कोतवाली क्षेत्र स्थित रामबाग स्थित चंद्रा कोचिंग संस्थान में बृहस्पतिवार शाम अराजक तत्वों ने खूब उत्पात मचाया। असलहों से लैस लोगों ने फीस माफी न होने पर हंगामा किया। कोचिंग संचालक वागेश पांडेय की पिटाई कर दी और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। वहां से धमकी देते हुए निकले हमलावरों ने कोचिंग के बाहर बम भी फोड़े। बम के धमाकों से इलाके में अफरातफरी मच गई। कोचिंग की कक्षाओं से निकले छात्रों ने घटना के विरोध में रामबाग चौराहे पर जाम लगा दिया। वहां से पुलिस ने उन्हें उठाया तो वे हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए साउथ मलाका चौकी का घेराव करने लगे। पुलिस का कहना था कि भुक्तभोगी तहरीर दें तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। देर रात कर चौकी में पुलिस अधिकारियों और छात्रों के बीच पंचायत चलती रही।
रामबाग स्थित सुंदरम टावर में चंद्रा कोचिंग संस्थान में इन दिनों पुलिस भर्ती आदि की कक्षाएं चल रही हैं। प्रवेश भी लिया जा रहा है। बृहस्पतिवार शाम करीब 7.30 बजे 12 से 15 की संख्या में असलहों से लैस होकर कुछ लोग पहुंचे। बिना फीस प्रवेश के लिए कोचिंग संचालक वागेश पांडेय पर दबाब बनाया। वागेश ने फीस माफी से इनकार किया तो इन लोगों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। वागेश के मुताबिक उन्हें जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई। उन्होंने किसी तरह मेज के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। इस बीच वहां कोचिंग के अन्य कर्मचारी और छात्र पहुंचे तो हमलावर धमकी देते हुए बाहर निकले। कोचिंग के बाहर बमबाजी करते हुए हमलावर भाग निकले। सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने गोलियों के खोखे कब्जे में लिए हैं। इंसपेक्टर घटना की सूचना पाकर मौके पर कई थानों की फोर्स और एसपी सिटी पहुंचे।
फायरिंग और बमबाजी से मची अफरातफरी के बीच कोचिंग की कक्षाओं से निकले छात्र लामबंद हो गए। नाराज छात्रों ने रामबाग चौराहे पर जाम लगा दिया। सूचना पर वहां पहुंची कोतवाली पुलिस ने किसी तरह वहां से छात्रों को उठाकर रास्ता खुलवाया। यहां से छात्र हनुमान मंदिर के सामने से होते हुए चंद्रलोक चौराहे पहुंचे। यहां पुलिस ने उन्हें रोका तो वे नारेबाजी करते हुए साउथ मलाका चौकी पहुंचकर घेराव करने लगे। वे हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सीओ प्रथम विनीत जायसवाल ने बताया कि भुक्तभोगी कोचिंग संचालक वागेश ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
चंद्रा कोचिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों में हमलावरों की करतूत कैद हो गई है। कोचिंग संचालन वागेश के मुताबिक हमलावरों की संख्या 12 से 15 के बीच थी। पूरी फीस माफी की बात न मानने पर उनकी पिटाई की गई। विरोध करने पर उनको निशाने पर लेकर फायरिंग की गई लेकिन किसी तरह उन्होंने खुद को बचाया। सीओ -1 विनीत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।