इलाहाबाद (ब्यूरो)। मुंडेरा में जूता कारोबारी बंधुओं आकाशदीप केसरवानी और आशीष केसरवानी को गोली मारकर भागे बदमाश गदऊ पासी के तीन गुर्गों को खुल्दाबाद थाने की पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की बाइक और नाजायज असलहे बरामद हुए हैं।
खुल्दाबाद थाना प्रभारी समीर सिंह ने बृहस्पतिवार को उपनिरीक्षक ओमशंकर शुक्ला, मैनुद्दीन बेग तथा संजय राय के साथ घनश्याम नगर रेलवे कॉलोनी तिराहे पर बाइक सवार तीन बदमाशों को रोका तो वे गोलियां चलाते हुए भागने लगे। पुलिस ने किसी तरह घेरकर तीनों बदमाशों को पकड़ लिया। उनके पास तीन तमंचे और कई कारतूस बरामद हुए। बरामद बाइक के बारे में पता चला कि वह 27 जून को बेनीगंज इलाके से चोरी की गई थी।
पकड़े गए बदमाशों में लूकरगंज इलाके का राहुल भारतीय, खुशरोबाग रेलवे कॉलोनी का राहुल यादव तथा लूकरगंज का ही आकाश उर्फ पंडा शामिल है। पुलिस की पूछताछ में इन बदमाशों ने पिछले एक महीने के दौरान सिविल लाइंस में हनुमान मंदिर और फायर ब्रिगेड के निकट, चकिया में जगमल हाता, अतरसुइया में कल्याणी देवी मंदिर के पास महिलाओं से चेन छिनैती की बात कुबूली। इससे पहले 26 मई को कौशाम्बी के पूरामुफ्ती इलाके में इसी गिरोह ने पल्सर बाइक लूटी थी। उस बाइक के साथ बाद में सिविल लाइंस इलाके में एक बदमाश दबोचा गया था। पुलिस ने बताया कि इनमें राहुल भारतीय खुल्दाबाद थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ छिनैती, लूट, गुंडा एक्ट और गैंस्टर के कई मुकदमे दर्ज हैं।