कुख्यात मौत के खेल ब्लू व्हेल गेम में एक और छात्र के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। 11वीं कक्ष के इस छात्र के परिजनों को उसकी हरकतों पर शक हुआ तो बुधवार को क्राइम ब्रांच अफसरों से मिलकर बेटे को इस जाल से निकालने की फरियाद लगाई। साइबर सेल की टीम ने छात्र की काउंसलिंग की और परिजनों से कहा कि उस पर नजर बनाएं रखे ताकि वह गेम के चक्कर में कोई खतरनाक हरकत नहीं करने पाए। छात्र के परिवार के लोग बेहद घबराए हुए हैं।
कुछ दिन पहले अमर उजाला ने सबसे पहले खबर छापी थी कि इलाहाबाद के भी युवा ब्लू व्हेल के खूनी खेल के जाल में फंस गए हैं। हरवारा इलाके में रहने वाले नगर निगम के एक अधिकारी के बेटे ने इस गेम के चक्कर में अपनी बाइक खंभे से भिड़ा दी थी। हालांकि मामला पड़ोसियों तक सिमटा रहा। पुलिस के पास परिवार के लोग नहीं गए। कुछ दिन पहले इंटरमीडिएट के एक छात्र ने फेसबुक पर हाथ में ब्लू व्हेल की तस्वीर फेसबुक पर डालकर बताया कि उसने 11 स्टेज पार कर लिए हैं। जानकारी मिली तो क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने परिवार से संपर्क कर छात्र को इस खूनी खेल से बाहर लाने के लिए काउंसलिंग की।
इसी बीच बुधवार को शहर के एक और परिवार ने एसपी क्राइम से संपर्क किया। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला 15 वर्षीय उनका बेटा ब्लू व्हेल के शिकंजे में फंस गया है। बेटे की गतिविधियों पर कई रोज परिजन संशकित थे। फिर बुधवार भोर में वह बिस्तर से उठकर 10वें स्टेज का टास्क पूरा करने के लिए छत पर चढ़ा तो परिवार के लोग सन्न रह गए। साइबर सेल प्रभारी विद्या यादव ने इस छात्र से बात की। उसकी काउंसलिंग की गई ताकि वह टास्क पूरा करने के लिए मिली धमकियों से घबराएं नहीं। परिजनों से कहा गया है कि अगले कुछ रोज तक वे बेटे पर नजर बनाए रखें। उसे फटकारा नहीं जाए। मोबाइल फोन और लैपटॉप से दूर रखकर इस खतरे से उबारा जाए।
2013 में रूस से शुरू हुए मौत के खेल ब्लू व्हेल ने कुछ महीने पहले भारत में युवाओं को शिकंजे में लिया। अब तक तीन-चार छात्रों के इस गेम के फेर में मौत के मुंह में सामने की बात सामने आ चुकी है। इस गेम को कहीं से डाउनलोड नहीं किया जा सकता है। गेम का एडमिनिस्ट्रेटर खुद लिंक भेजता है तो गेम शुरू होता है। इस गेम में फंसे शख्स को 50 स्टेज यानी 50 टास्क पूरे करने होते हैं। पहला स्टेज है अपने हाथ पर ब्लेड से एफ-57 उकेरना, दूसरा स्टेज है भोर में 4.20 पर जगकर डरावने वीडियो देखना। तीसरा टास्क अपने हाथ की कलाई पर तीन कट करना है। आखिरी यानी 50वां टास्क है ऊंची इमारत से कूदकर अपनी जान खत्म करना। पिछले दिनों साइबर सेल के पास आए इंटरमीडिएट के छात्र ने 11वां स्टेज पार करने के लिए हाथ पर ब्लेड से व्हेल की आकृति उकेरी थी। बुधवार को जिस छात्र के परिजन साइबर सेल पहुंचे, वह छात्र 10 वां स्टेज पार करने के लिए भोर में छत पर पहुंच गया। अनुमान है कि ऐसे और भी युवा गेम में फंसे हो सकते हैं।