फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्लाक प्रमुख चुनाव के दौरान प्रधान पुत्र की हत्या, आगजनी

Thu, 11 Feb 2016 01:49 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर सरायइनायत इलाके के बहादुरपुर ब्लाक में बुधवार दोपहर प्रमुख पद के लिए मतदान के दौरान प्रधान पुत्र की गोली मारकर हत्या के बाद भारी बवाल हो गया। इस दौरान एक्सयूवी समेत तीन गाड़ियों को जला दिया गया और दर्जनों गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। फूलपुर विधायक की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। पथराव में ट्रेनी आईपीएस समेत पचास से ज्यादा लोग घायल हुए।
विज्ञापन


जगतपुर में भी रेलवे क्रासिंग बैरियर जबरन बंद कराकर दमकल गाड़ी में आग लगा दी। इससे करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। पूरे जिले की पुलिस फोर्स, पीएसी, आरएएफ बुलाकर देर शाम अराजकता पर काबू पाया जा सका। गोली मारने वाले व्यक्ति समेत पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया है। देर शाम आईजी और डीआईजी ने भी इलाके का जायजा लिया।

बहादुरपुर के ब्लाक प्रमुख चुनाव में सपा समर्थित उम्मीदवार राजकुमार सिंह के खिलाफ सपा नेता अरुणेंद्र यादव उर्फ डब्बू ने ताल ठोंक रखी थी। हंडिया के सपा विधायक प्रशांत सिंह का चचेरा भाई होने की वजह से राजकुमार सिंह के पक्ष में ज्यादातर सपा नेता और प्रशासनिक मशीनरी भी लगी थी। बुधवार को मतदान के दौरान ब्लाक परिसर के निकट दोनों तरफ के समर्थक मौजूद थे। वे एक-दूसरे के खिलाफ नारे लगा रहे थे।
विज्ञापन


राजकुमार समर्थकों के साथ फूलपुर के सपा विधायक सईद अहमद भी थे। दोपहर करीब एक बजे चौकी प्रभारी हनुमानगंज संजय सिंह ने पुलिस बल के साथ आकर लाठी पटक राजकुमार समर्थकों को वहां से हटाया। तभी डब्बू यादव के समर्थक नारे लगाते हुए पथराव करने लगे। विधायक सईद अहमद की हूटिंग होने लगी। पथराव से खलबली मच गई। वहां तैनात आरएएफ और पुलिस-पीएसी के सिपाही भी जान बचाकर भागे। आईपीएस गणेश साहा समेत कई लोग पथराव में जख्मी हो गए। तभी राजकुमार समर्थकों ने पिस्टल और रिवॉल्वर निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान राजकुमार समर्थकों की भीड़ में ही एक युवक को गोली लगी।

वह चीखते हुए भागा और कुछ दूर पर एक मकान के सामने चारपाई पर गिरकर तड़पने लगे। गोली उसकी पीठ में धंसकर सीने से निकल गई थी। उसे किसी गाड़ी से शहर में निजी हॉस्पिटल ले जाया गया जहां उसे मृत बता दिया गया। पता चला कि वह हंडिया में डुबकी कला गांव की प्रधान दुर्गावती का पुत्र देवेंद्र सिंह उर्फ बब्बू (35) पुत्र यज्ञनारायण सिंह था। घटना की जानकारी पाकर डीएम संजय कुमार और एसएसपी केएस इमेनुएल पुलिस बल के साथ पहुंचे तो कुछ देर बाद स्थिति काबू में की जा सकी।

मगर शाम करीब सवा चार बजे राजकुमार सिंह के ब्लाक प्रमुख पद पर निर्वाचन की घोषणा होते ही डब्बू यादव समर्थक बेकाबू हो गए। समर्थकों ने पथराव करते हुए राजकुमार गुट की एक्सयूवी और सफारी जला डाली। पथराव में एक राहगीर बाइक से गिरा तो भीड़ ने उस गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया। उस वक्त डीएम और एसएसपी ब्लाक परिसर में थे। उन्होंने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की लेकिन शाम छह बजे तक कई किलोमीटर इलाके में जबरदस्त बवाल हो गया। पथराव में कई पुलिसकर्मियों समेत दर्जनों लोग लहूलुहान हुए।

उसी दौरान जगतपुर रेलवे क्रसिंग बंद कराकर लोगों ने दमकल गाड़ी में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़कर जाम खत्म कराया। उधर, बहादुरपुर में पथराव के दौरान पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर लाइसेंसी पिस्टल और राइफल भी जब्त की। प्रधान के बेटे को गोली मारने का आरोपी वीरेंद्र सिंह उर्फ पंकज भी पकड़ा गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें