वेलेन्टाइन वीक में दो दिन पहले प्रेमी युगल की खुदकुशी की दुखद खबर के बाद अब एक प्रेमी जोडे़ के प्यार की जीत की सुखद खबर सामने आई है। हफ्ते भर पहले हंडिया इलाके से घर से बगावत कर भागा प्रेमी जोड़ा परिजनों के बहुत समझाने पर मंगलवार दोपहर लौट आया। उन्हें हंडिया थाने ले जाया गया। वहां परिजनों ने शादी पर असहमति जाहिर की तो वे रोने लगे और चेतावनी दी कि उनका ब्याह नहीं कराया गया तो खुदकुशी कर लेंगे। इस धमकी के बाद परिवार के लोग राजी हुए तो थाना परिसर में प्रेमी ने मांग में सिंदूर भर प्रेमिका को पत्नी बना लिया।
टेला गांव हंडिया निवासी आशुतोष कुमार (20) ने इसी साल इंटरमीडिएट के बाद बीए में दाखिला लिया है जबकि पड़ोसी गांव रायपुर सिधवार की आरती उपरदहा डिग्री कॉलेज में बीए की छात्रा है। पिछले दो साल से कॉलेज आते-जाते उन दोनों में मिलना-जुलना शुरू हुआ। धीरे-धीरे उनके बीच प्यार पनप गया। अब उनके बीच गहरा प्रेम संबंध हो गया था। इस बारे में उनके परिवार के लोगों को भनक लगी तो उन दोनों के मिलने-जुलने पर पाबंदी लगा दी। प्यार पर पहरा लगा तो एक हफ्ते पहले तीन फरवरी को वे दोनों घर से निकलकर साथ भाग निकले।
आशुतोष प्रेमिका आरती को लेकर शहर में एक दोस्त के कमरे में ठहरा। दूसरे रोज उन दोनों ने मंदिर में ब्याह रचाकर अपने-अपने घर इस बारे में जानकारी दी। आरती के पिता ने थाने जाकर शिकायत की। फोन पर बातचीत में आशुतोष और आरती को भरोसा दिया कि वे दोनों घर लौट आएं तो उनकी शादी करा दी जाएगी। इस आश्वासन पर मंगलवार दोपहर वे दोनों हंडिया लौटे तो उन्हें थाने ले जाया गया।
वहां दोनों के परिजनों के बीच कहासुनी होने लगी। फिर उन्होंने आरती और आशुतोष का ब्याह कराने से भी इनकार कर दिया। परिजनों के इस फैसले से निराश प्रेमी जोड़े ने रोते हुए कह दिया कि वे साथ जी नहीं सकते तो मौत गले लगाकर एक हो जाएंगे। उनकी इस धमकी से सहमे परिवार के लोगों ने आखिरकार शादी पर रजामंदी दे दी। हलफनामा तैयार कराकर दोनों तरफ के लोगों ने दस्तखत किए। इसके बाद आशुतोष से आरती की मांग में सिंदूर भराकर थाने में ही उनका औपचारिक रूप से ब्याह कराया गया।