युसूफपुर गांव में शनिवार रात घर से निकली युवती को रेप के बाद गला घोंटकर मार डाला गया। रात भर लापता युवती का शव रविवार सुबह घर से दूर खेत में मिला तो भीड़ जुट गई। परिजनों के साथ ही पुलिस पहुंची। निरीक्षण के बाद युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवती का मोबाइल फोन भी गायब है। पुलिस ने फौरी छानबीन के बाद शक जताया कि युवती के प्रेमी ने ही यह वारदात की है। एक युवक की तलाश की जा रही है जो घटना के बाद से फरार है।
युसूफपुर गांव की 19 वर्षीय सीमा (नाम काल्पनिक) के पिता का देहांत हो चुका है। वह मां और भाई के साथ रहती थी। हाईस्कूल की पढ़ाई कर चुकी सीमा शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे भोजन बनाने के बाद शौच की बात कहकर घर से निकली थी। जब वह देर तक नहीं लौटी तो मां और भाई उसकी तलाश में खेतों की तरफ गए। फिर गांव में भी कई घरों में जाकर पूछा लेकिन सीमा के बारे में कुछ पता नहीं चला। उसके मोबाइल पर फोन करने में रिंग हो रही थी लेकिन कॉल नहीं रिसीव हुई।