शासन के आदेश पर शोहदों के खिलाफ चल रहे एंटी रोमियो अभियान के दौरान अब जनपद स्तर की एक हॉकी खिलाड़ी को रास्ते में रोककर मारपीट और छेड़खानी का मामला पुलिस के पास पहुंचा है। खुल्दाबाद लकड़मंडी में यह हॉकी खिलाड़ी दोपहर में दवा लेने जा रही थी तभी मुहल्ले के ही एक युवक ने उसे सरेराह रोका और हाथ पकड़कर खींचतान की। विरोध पर उस पर हाथ उठाया और उसके भाई से भी मारपीट की। पुलिस आरोपी युवक को तलाश कर रही है।
खुल्दाबाद के लकड़मंडी में रहने वाली 16 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी शबाना (नाम काल्पनिक) स्थानीय गर्ल्स कॉलेज में इंटर की छात्रा है। उसने पुलिस को बताया कि वह दोपहर करीब ढाई बजे घर से दवा लेने निकली थी। मेडिकल स्टोर के सामने पहुंची तभी पीछा करते हुए मुहल्ले के ही दीपक उर्फ कुल्लू ने पास आकर उसका हाथ पकड़ लिया। वह उसके साथ छेड़खानी करने लगा। शबाना ने शोर मचाया तो भीड़ लग गई। उसका भाई भी आ गया। उसने विरोध किया तो आरोप है कि दीपक ने शबाना के साथ ही उसके भाई से भी मारपीट की। फिर वह धमकी और गालियां देते हुए भाग गया। शबाना के साथ उसके परिजनों ने खुल्दाबाद थाने जाकर शिकायत की। चौकी प्रभारी रवींद्र यादव ने बताया कि दीपक के खिलाफ मुकदमा लिखकर छापेमारी की गई लेकिन वह रविवार रात तक पकड़ में नहीं आ सका।