नई बस्ती में करंट उतरा, गाय की मौत पर घंटों हंगामा
मायो रोड पर केबल कटने से बत्ती गुल, शोर-शराबे के बाद दूसरे फीडर से जोड़ी गई बिजली
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। खंभे में करंट उतरने और केबल कटने से बत्ती गुल होने पर बृहस्पतिवार को लोगों ने जमकर हंगामा मचाया। बारिश के दौरान नई बस्ती पुलिस बूथ चौराहे पर खंभे में करंट उतरने से एक गाय की मौत हो गई। इस घटना से नाराज मुहल्ले के लोग सड़क पर उतर आए और हंगामा होने लगा। प्रदर्शनकारी जेई, एसडीओ को निलंबित करने की मांग कर रहे थे। घंटों शोर-शराबे के बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर किसी तरह लोगों को शांत कराया। उधर, मेयो रोड पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान केबल कटने से कई इलाकों की बत्ती गुल होने पर जनता ने उपकेंद्र पर नाराजगी जताई। एक्सईएन के निर्देश पर दूसरे फीडर से आपूर्ति शुरू कराई गई, तब जाकर लोग नरम पड़े।
गऊघाट उपकेंद्र क्षेत्र में नई बस्ती पुलिस बूथ चौराहे पर दुर्गा मेडिकल स्टोर के सामने दोपहर बाद खंभे में करंट उतर गया। इस दौरान करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई। करंट उतरने और गाय की मौत होने की जानकारी के बाद इलाके की बिजली काट दी गई, लेकिन सैकड़ों लोग विरोध में सड़क पर आ गए। बिजली विभाग के विरोध में नारेबाजी होने लगी। प्रदर्शनकारियों की कहना था कि दिन भर किसी न किसी बहाने बत्ती गुल हो रही है। जर्जर तार-खंभों में करंट उतरने से जान जोखिम का खतरा बढ़ गया है। इसके लिए जिम्मेदार जेई, एसडीओ को निलंबित किया जाना चाहिए। पुलिस के हस्तक्षेप पर शाम पांच बजे लोग शांत हुए। इसी तरह मायो रोड पर केबल कटने से बत्ती गुल होने पर लोग गुस्से में आ गए। एक्सईएन ओपी मिश्रा ने स्थिति को देखते हुए तत्काल दूसरे फीडर से मायो रोड की आपूर्ति बहाल कराई।