धूमनगंज के नीम सराय इलाके में सोमवार की सुबह इलाहाबाद बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से दो बदमाश 80 हजार रुपये, लैपटाप और दो मोबाइल लूट ले गए। संचालक ने जैसे ही सेवा केंद्र खोला, बदमाशों ने उन्हें तमंचा सटाकर वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज मिल गई है। बदमाश स्थानीय हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। शक के आधार पर तीन लड़कों को उठाया गया है।
नीम सराय के रहने वाले नवीन गुप्ता ने मोहल्ले के ही अजमल मार्केट में इलाहाबाद बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र खोला है। सोमवार की सुबह तकरीबन साढ़े आठ बजे के नवीन केंद्र पहुंचे। ठीक उसी समय बाइक सवार दो बदमाश वहां आ गए। एक ने नवीन को तमंचा सटा दिया और नवीन का बैग छीन लिया। वे नवीन के दो मोबाइल भी ले गए। हक्के-बक्के नवीन ने उनके जाने के बाद शोर मचाना शुरू किया। लोग इकट्ठे हुए। कंट्रोल रूम की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। नवीन के मुताबिक बैग में 80 हजार रुपये और लैपटाप था। इंस्पेक्टर धूमनगंज संदीप मिश्रा ने बताया कि बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज मिल गई है। एक बदमाश ने हेलमेट लगाया था। दूसरे के चेहरे की पहचान हो रही है। एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने मरियाडीह के कछारी क्षेत्रों में कई जगह दबिश दी। अब तक की जांच से पता चला है कि बदमाश स्थानीय हैं। सीसीटीवी में जिसका चेहरा दिख रहा है, उसे दुकान के पास पहले भी देखा गया है। सीओ सिविल लाइंस श्रीशचंद्र के मुताबिक बदमाशों को पता था कि नवीन कितने बजे ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचते हैं। वे नवीन के पहुंचने के तुरंत बाद वहां पहुंच गए थे।
नीम सराय इलाके में सुबह लूट की वारदात में शक है कि किसी आसपास के शख्स ने ही बदमाशों को मुखबिरी की है कि नवीन कितने बजे पहुंचते हैं और और उनके बैग में अच्छा खासा कैश रहता है। पुलिस ने इस मामले में शक के आधार पर तीन लड़कों को उठाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, उनसे कुछ पता नहीं चला है लेकिन पुलिस का कहना है कि इस मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। कुछ नंबरों को भी सर्विलांस पर लगाया गया है।