ट्रांसपोर्टर के घर हफ्ते भर में दूसरी बार बमबाजी
भोर में चहारदिवारी पर बम पटककर भागे बदमाश
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। धूमनगंज के प्रीतमनगर मोहल्ले में रहने वाले ट्रांसपोर्टर के घर मंगलवार को एक बार फिर बमबाजी हुई। मोटरसाइकिल, स्कूटी पर सवार होकर आए पांच-छह बदमाशों ने उनकी चहारदिवारी पर एक के बाद एक बम फोड़े और वहां से भाग निकले। बता दें कि हफ्ते भर के भीतर ट्रांसपोर्टर के घर बमबाजी की यह दूसरी घटना है। इससे परिवार दहशत में है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी है।
निखिल चतुर्वेदी धूमनगंज के प्रीतमनगर में रहते हैं। उनका ट्रांसपोर्ट का काम है। रोज की तरह सोमवार रात भी परिवारवाले सो रहे थे। मंगलवार भोर में चार बजे के करीब उनके घर के सामने पांच-छह बदमाश पहुंचे। इसके बाद ट्रांसपोर्टर के घर की चहारदिवारी पर एक के बाद एक बम फोड़कर भाग निकले। धमाकों से ट्रांसपोर्टर के परिवार के साथ ही आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। सुबह सूचना मिली तो पुलिस पहुंच गई। जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि बदमाशों ने बम फोड़ने से पहले गली के मुहाने पर स्थित अमूल पार्लर पर लगे सीसीटीवी कैमरे का तार भी नोचकर फेंक दिया था। फुटेज में बदमाश सीसीटीवी का तार नोचते दिख रहे हैं। इसके बाद कैमरा डिसकनेक्ट हो जाता है। पुलिस ने भुक्तभोगी की तहरीर पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ श्रीश्चंद्र ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए बम फोड़ने वाले कुछ युवक चिह्नित कर लिए गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
11 जुलाई को भी हुई थी ऐसी ही वारदात
जिन ट्रांसपोर्टर के घर को निशाना बनाकर बम फोड़ा गया, उनके घर पर ठीक इसी तरह 11 जुलाई को भी बम फेंके गए थे। ट्रांसपोर्टर की शिकायत पर तब भी धूमनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। लेकिन धूमनगंज पुलिस बदमाशों को चिह्नित नहीं कर सकी। नतीजतन उनका दुस्साहस बढ़ता गया और उन्होंने हफ्ते भर के भीतर ही दूसरी बार घटना कर डाली।