नैनी में ठेकेदार की गोली मारकर हत्या
मूवी देखकर लौट रहा था घर, तभी बदमाशों ने किया हमला
घर से 500 मीटर पहले हुई घटना, परिवार में मचा कोहराम
रुपये के विवाद में हुई वारदात, अरैल निवासी दो नामजद
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद/नैनी। यमुनापार के नैनी में सोमवार रात बेखौफ बदमाशों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। मूवी देखकर लौट रहे ठेकेदार की उसके घर से पांच सौ मीटर पहले गोली मारकर हत्या कर दी। भाई ने रुपये के विवाद में घटना को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए अरैल निवासी दो लोगों को नामजद किया है। देर रात तक पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी थी।
मूल रूप से मेजा के रामपुर गांव निवासी धीरज शर्मा (40) पुत्र चंद्रभान शर्मा गिट्टी, बालू का कारोबार करता था। वह ठेके पर मकान आदि भी बनवाता था। करीब 10 साल पहले वह मेजा से नैनी के खरकौनी स्थित जाह्नवीपुरम चला आया और परिवार समेत यहीं रहने लगा। सोमवार रात करीब 10.30 बजे वह घर से स्कूटी लेकर मूवी देखने जाने की बात कहकर निकला। मंगलवार सुबह मोहल्ले के ही कामता प्रसाद ने अपने घर के सामने उसकी खून से लथपथ लाश पड़ी देखी तो उसके होश उड़ गए। कामता का मकान धीरज के घर से महज 500 मीटर की दूरी पर था। सूचना मिली तो पुलिस भी पहुंच गई। मौके पर काफी खून बिखरा हुआ था। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को पता चला कि गोली मारकर धीरज की हत्या की गई थी। एक गोली उसके सिर और दूसरी सीने में मारी गई थी। बगल में ही स्कूटी भी पड़ी मिली। माना जा रहा है कि मूवी देखकर लौटते समय घात लगाए हमलावरों ने उसे मौत के घाट उतार दिया होगा। मोहल्ले के लोगों ने शिनाख्त की जिसके बाद घरवालों को खबर दी गई। धीरज की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजन बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। सूचना पर एसएसपी नितिन तिवारी, एसपी यमुनापार दीपेन्द्र नाथ चौधरी भी पहुंच गए। अफसरों ने परिवारवालों से पूछताछ की। मृतक के भाई नीरज ने रुपयों के विवाद में वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए अरैल गांव निवासी चंदन व गोलू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।