अधिवक्ता हत्याकांड
0000000000000000000000000
हाईकोर्ट बार ने भी दी आंदोलन की चेतावनी
0 मुद्दे को लेकर चीफ जस्टिस से मिलेंगे वकील
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। अधिवक्ता लाल बचन स्वर्णकार सहित 45 दिनों में चार वकीलों की हत्या को लेकर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने भी जिला प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी दी है। बार ने एक बैठक कर इन घटनाओं पर चिंता जताई है। कहा गया कि यदि एक सप्ताह के भीतर लाल बचन के हत्यारों को गिरफ्तार न किया गया तो हाईकोर्ट के वकील सड़क पर उतर कर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे। इसके बाद हड़ताल भी की जाएगी। इस मामले को लेकर हुई बार की बैठक में तय किया गया कि हाईकोर्ट खुलने पर बार का प्रतिनिधि मंडल चीफ जस्टिस से मुलाकात कर लगातार हो रही हत्याओं पर वार्ता करेगा तथा जरूरी हुआ तो जनहित याचिका भी दाखिल की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता बार के उपाध्यक्ष श्रीराम पांडेय ने और संचालन संयुक्त सचिव प्रशासन प्रशांत सिंह ने किया। इसमें बार के पदाधिकारीगण और अधिवक्ता मौजूद थे।
कचहरी में वकीलों ने शुरू किया काम
इलाहाबाद। अधिवक्ता लाल बचन स्वर्णकार की हत्या विरोध मेें कचहरी में चल रही हड़ताल बृहस्पतिवार को समाप्त कर दी गई है। वकीलों ने विधिवत न्यायिक कार्य किया। बुधवार को अधिवक्ता संघ की आम सभा में निर्णय लिया गया था कि बृहस्पतिवार से अधिवक्ता न्यायिक कार्य करेंगे । संघ ने एसएसपी और डीएम को पत्र लिख कर आठ जुलाई तक अधिवक्ता के हत्यारों की गिरफ्तारी और मृतक अधिवक्ता के परिवार को 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है। अधिवक्ता संघ ने मांगे पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।