छात्रा को दी काट डालने की धमकी, पुलिस ने धुना
0 शोहदे के डर से कोचिंग जाना छोड़ दिया था, पिता ने दर्ज कराया केस
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
दारागंज की रहने वाली एक छात्रा को शोहदा महीनों से परेशान कर रहा था। छेड़खानी से आजिज छात्रा ने कुछ दिन पहले विरोध किया तो उसने सरेआम धमकी दी कि काटकर फेंक दूंगा। मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज की गई। बुधवार को पुलिस ने शोहदे को पकड़ा और जमकर धुना। उसे जेल भेज दिया गया।
छात्रा प्रतिदिन शाम को कोचिंग जाती थी। दारागंज का ही लवकुश सोनकर महीनों से छात्रा के पीछे पड़ा हुआ था। आते-जाते अश्लील कमेंट, शारीरिक छेड़खानी से छात्रा तंग आ गई थी। कुछ दिन पहले उसने लवकुश से साफ-साफ कह दिया कि उसने ये हरकतें बंद नहीं कीं तो वह पुलिस के पास जाएगी। लवकुश ने उसे धमकी दी कि अगर पुलिस के पास गई तो काटकर फेंक देगा। इसके बाद सहमी छात्रा ने कोचिंग जाना ही छोड़ दिया। घरवालों ने पूछा तो उसने सारी बात बताई। छात्रा के पिता दो जनवरी को इंस्पेक्टर दारागंज केके शर्मा से मिले। लवकुश के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट और धमकी देेने की रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने उसके घर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी जमकर धुनाई की। उसे आज ही जेल भेज दिया गया।