प्रयागराज। हिंदू हॉस्टल में रैगिंग के विरोध पर छात्र से हुई बेरहमी के सुबूत उसकी मेडिकल रिपोर्ट में सामने आए हैं। मामले की गंभीरता को देखते पुलिस ने यौन उत्पीड़न और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी छात्र हॉस्टल छोड़कर भाग गए हैं। वहीं इस घटना से हॉस्टल के छात्रों में दहशत का माहौल है।
हिंदू हॉस्टल में रैगिंग का विरोध करने पर बीए के छात्र को हॉस्टल में अवैध रूप से कब्जा करके रहने वाले दो पूर्व छात्रों ने लाठी-डंडों से पीटा था। साथ ही उसके साथ अश्लील हरकत की थी और हीटर पर चाकू गर्म करके उसके पैर को दागा था। दो दिन बाद घटना का खुलासा होने पर सोमवार रात हॉस्टल के जूनियर छात्रों ने हंगामा कर दिया और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गेट पर धरने पर बैठ गए। सोमवार देर रात पुलिस ने दरिंदगी की इस घटना को अंजाम देने वाले पूर्व छात्र आशुतोष उर्फ हिमांशु और अमित सिंह उर्फ दया एवं अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद रात डेढ़ बजे पीड़ित छात्र को विश्वविद्यालय के मेडिकल अफसर के साथ बेली अस्पताल भेजा गया। मंगलवार को छात्र की मेडिकल रिपोर्ट आई तो यह साबित हो गया कि उसके साथ बेरहमी हुई है। मेडिकल रिपोर्ट में जो भी साक्ष्य सामने आए हैं, उनके आधार पर कर्नलगंज थाने की पुलिस ने यौन उत्पीड़न और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पूर्व छात्र घटना के बाद से ही हॉस्टल छोड़कर फरार हैं। एसपी सिटी बृजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिस आरोपी छात्रों की तलाश कर रही है।
पुलिस फोर्स के पहुंचते ही भागे अवैध छात्र
हिंदू हॉस्टल में मंगलवार सुबह चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे पुलिस फोर्स के साथ जैसे ही हॉस्टल पहुंचे, वहां कमरों में अवैध रूप से कब्ज करके रहने वाले छात्र ताला लगाकर भाग खड़े हुए। चीफ प्रॉक्टर ने जूनियर छात्रों को आश्वस्त किया कि उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। हालांकि, चीफ प्रॉक्टर और पुलिस फोर्स के वहां से हटते ही अवैध छात्र फिर हॉस्टल में पहुंच गए।