चेन पुलिंग के आरोप में हर रोज पकड़े जा रहे 13 मुसाफिर
बीते छह माह के दौरान बेवजह चेन पुलिंग करने के आरोप में पकड़े गए 2391 यात्री
एनसीआर के इलाहाबाद, झांसी एवं आगरा मंडल में अभियान चलाकर वसूला गया 14.23 लाख का जुर्माना
इलाहाबाद। ट्रेनों में बेवजह चेन पुलिंग करने वाले मुसाफिरों के खिलाफ रेलवे ने अब सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। इस वर्ष के शुरुआती छह माह के दौरान उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) जोन के इलाहाबाद, झांसी एवं आगरा मंडल में बेवजह चेन पुलिंग करने के आरोप में औसतन हर रोज 13 यात्रियों को पकड़ा गया। एक जनवरी से 30 जून की अवधि में इन तीनों मंडलों में 2391 यात्रियों को पकड़ा गया। मौके पर इन यात्रियों से जुर्माना भी वसूला गया।
इस दौरान वे स्थान भी चिह्नित किए गए जहां ज्यादा चेन पुलिंग होती है। इसमें अलीगढ़-खुर्जा, खुर्जा-दादरी, इलाहाबाद-मेजा ऐसे रेलखंड रहे जहां बेवजह चेन पुलिंग की ज्यादा शिकायतें रहीं। जनवरी से जून 2018 के बीच चले अभियान के दौरान रेलवे बेवजह चेन पुलिंग करने वाले 2393 मामले दर्ज किए। इस अवधि में 2391 लोगों को गिरफ्तार कर 14.23 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस संबंध में एनसीआर महाप्रबंधक एमसी चौहान का कहना है कि बिना वैध कारण चेन पुलिंग से हजारों यात्रियों की यात्रा में व्यवधान होता है। इस वर्ष मई माह में बिना वैध कारण के चेन पुलिंग के लिए पकड़े गए यात्रियों की संख्या में अप्रैल की तुलना में 22 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई। जबकि मई की तुलना में जून माह में 20 फीसदी की वृद्धि हुई।