सिपाही के बेटे और पत्नी को भेजा जेल
इलाहाबाद (ब्यूरो)। प्रीतम नगर में घर के भीतर सिपाही मोतीलाल पाल की हत्या के जुर्म में धूमनगंज थाने की पुलिस ने उसकी पत्नी अनीता और नाबालिग बेटे प्रिंस उर्फ राजन को गिरफ्तार किया था। उन दोनों को पुलिस ने अदालत में पेश किया जहां से पत्नी को जेल और बेटे को बाल सुधार गृह भेजने का आदेश हुआ। इंस्पेक्टर धूमनगंज अरुण त्यागी ने बताया कि अब तक कि जांच में यही सामने आया कि बेटे ने सिपाही को गोली मारी और पत्नी ने अपराध छिपाया। हालांकि सोमवार को सिपाही के पिता रामप्रसाद पाल निवासी चिलौली गांव चायल कौशाम्बी ने केस दर्ज कराया कि उनके बेटे की हत्या बहू और पोते ने की है। भदोही में तैनात सिपाही मोतीलाल शनिवार को अपने घर आया था जहां रात में नाबालिग बेटे ने उसके माथे पर अवैध पिस्टल से गोली मार दी थी। कत्ल के बारे में पुलिस को दूसरे रोज रात में सूचना दी गई। बेटे ने कहा कि उसे हाईस्कूल में कम नंबर मिले थे। इसके लिए फटकारने और पीटने पर उसने पिता को गोली से उड़ा दिया था।
00000000
जुआरियों से परेशान, कप्तान से शिकायत
इलाहाबाद (ब्यूरो)। धूमनगंज और चकिया की सीमा पर पानी टंकी के निकट रहने वाले लोग जुआरियों और सटोरियों से परेशान हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक सट्टेबाजों तथा जुआरियों के जमघट से मुहल्ले का माहौल खराब रहता है। सटोरिए वहां नशा के अलावा झगड़े में गालीगलौज करते हैं। इससे बच्चों पर खराब असर पड़ रहा है। स्कूल-कॉलेज जाने वाली लड़कियों को ये सट्टेबाज घूरते हैं। महिलाओं पर भी छींटाकसी करते हैं जिससे वे उधर से गुजरने में घबराती हैं। मुहल्ले के सलीम समेत कई लोगों ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर जुआ के अड्डा बंद कराने की मांग की है। उसका आरोप है कि धूमनगंज और खुल्दाबाद थाने की पुलिस को सट्टा संचालक से पैसे मिलते हैं इसलिए वहां छापेमारी नहीं की जाती है जबकि इस अड्डे पर हर वक्त 50 से ज्यादा सट्टेबाज और जुआरी मौजूद रहते हैं। सीओ सिविल लाइंस श्रीशचंद्र ने कहा कि वे जल्द ही छापेमारी कर सटोरियों की गिरफ्तारी करेंगे।