एडीए कॉलोनी में हंगामा करती घायल युवती से जानकारी करती पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala
इश्क में फरेब करने वाले एक पुरुष अधिवक्ता के घर पर महिला अधिवक्ता ने पथराव कर तोड़फोड़ की। इससे सासनी गेट आवास विकास स्थित बंसल नगर में हड़कंप मच गया। महिला अधिवक्ता के हंगामे पर वहां पुलिस आ गई और उसे थाने ले गई। जहां दोनों ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी एक पुरुष अधिवक्ता के महिला अधिवक्ता से काफी समय से प्रेम संबंध थे। प्रेम करते समय पुरुष अधिवक्ता ने यह बात छिपाई कि वह पहले से ही शादीशुदा है। इसका खुलासा होेने पर उक्त अधिवक्ता अपनी प्रेमिका से नजर चुराने लगा। बताते हैं कि कई बार महिला अधिवक्ता ने उससे मिलने की कोशिश की लेकिन वह बचने लगा। इस पर महिला अधिवक्ता कुछ लोगों के साथ उसके घर पहुंच गई और वहां गुस्से में पथराव आदि शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं खुद दीवार में सिर मारकर चोट पहुंचा ली और उसके घर को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ भी की। इससे वहां शोरगुल मच गया। बाद में पुलिस के दखल पर मसला शांत हुआ। एसएसआई सासनी गेट के अनुसार महिला ने तहरीर पर छेड़खानी, एटीएम लेकर रुपये निकालने, शारीरिक शोषण, मारपीट आदि धाराओं में अधिवक्ता व उसके कुछ रिश्तेदारों पर मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, महिला अधिवक्ता के खिलाफ घर पर पथराव व मारपीट आदि का मुकदमा दर्ज कराया है। यह वकील शहर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुका है।