अनिल मिश्र हत्याकांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार
0 एक आरोपी फरार, नशे में हुआ था झगड़ा, सिर पर लाठी मारी, फिर दबाया था गला
अेमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। सरायइनायत के ककरा दुबावल गांव में आठ दिन पहले ग्राम प्रधान सोनी के चचिया ससुर अनिल मिश्र की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नामजद आरोपी भी शामिल हैं। कत्ल का एक आरोपी असलम फरार है। उससे चाय की दुकान पर अनिल का सरकारी शौचालय बनाने का काम दिलाने को लेकर झगड़ा हुआ। रात में वह शराब के नशे में घर जा रहे थे तभी उन्हें पहले लाठी मारी फिर गला घोंटकर तालाब में फेंक दिया था।
52 वर्षीय अनिल मिश्र 30 जुलाई की रात घर से निकलने के बाद लापता हुए थे। तीसरे रोज उनका शव घर से दूर तालाब किनारे छिछले पानी में मिला था। पोस्टमार्टम में पता चला कि उनकी हत्या गला घोंटकर की गई थी। इस घटना में धीरज, खेताऊ, पूर्व प्रधान आनंद मिश्र और सोनू मिश्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने खेताऊ, धीरज और उसके बेेटे हीरालाल को हिरासत में लेकर कई दिन तक पूछताछ की। आखिरकार पुलिस ने मंगलवार को हत्याकांड के खुलासे का दावा करते हुए हरीलाल उसके पुत्र धीरज तथा पड़ोसी खेताऊ को गिरफ्तार बताया। एक आरोपी असलम को फरार बताया गया। एसपी गंगापार सुनील सिंह के मुताबिक, 30 जुलाई की रात अनिल मिश्र शराब पीकर चाय की दुकान पर बैठे थे तभी ग्राम प्रधान निधि से सरकारी शौचालय का काम दिलाने को लेकर असलम से उनकी बहस हो गई। वहां मौजूद धीरज, हरीलाल और खेताऊ के साथ भी उनके बीच तीखी झड़प और गालीगलौज हो गई। अनिल वहां से उठकर कच्ची शराब पीने चले गए। इधर, धीरज, खेताऊ आदि ने अनिल के कत्ल की साचिश रच डाली। वह शराब पीकर लौटने लगे तो सुनसान में उनके सिर पर लाठी से वार किया।
अनिल बेहोश होकर गिरे तो आरोपियों ने गला घोंटकर उनकी हत्या की। फिर शव को तालाब में फेंककर भाग गए। उनकी पैंट खींचतान मेंउतर गई थी जिसे फेंक दिया। अनिल के लापता मोबाइल फोन के बारे में पुलिस का कहना है कि धीरज का भाई नीरज मोबाइल फोन लेकर भागा है। असलम की तलाश जारी है।
00000000000
ठेकेदार के हमलावरों का नहीं मिला सुराग
इलाहाबाद (ब्यूरो)। दारागंज में परेड मैदान के पास सिंचाई विभाग के ठेकेदार अतहर अली को गोली मारने वाले बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है। इस घटना में नामजद आरोपी ककरा दुबावल के पूर्व प्रधान आनंद मिश्र को भी पुलिस नहीं पकड़ सकी है। एसपी गंगापार सुनील सिंह ने बताया कि अतहर को गोली मारने वाले बदमाश अज्ञात थे। पल्सर सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मारी और भाग गए। उनका सुराग नहीं मिल सका है। दो अज्ञात बदमाशों के अलावा सरायइनायत में ककरा दुबावल के पूर्व प्रधान आनंद मिश्र को नामजद किया गया है। मगर उसे नहीं पकड़ा जा सका है। उससे भी पूछताछ की जानी है ताकि शूटरों का पता चल सके।