मीरगंज। बिथरी चैनपुर के विधायक पप्पू भरतौल के बड़े भाई की चोरी गई तीनों गायों का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा है। हालांकि पुलिस ने चार टीमें लगा रखी हैं जो रामपुर तक गायों की खोजबीन में जुटी हैं। अब तक 21 संदिग्ध लोगों को हवालात में डालकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
सोमवार रात विधायक के बड़े भाई रमेश मिश्रा के मीरगंज स्थित स्कूल की दीवार तोड़कर तीन गाय चुरा ली गई थीं। तब से पुलिस अंधेरे में तीर मार रही है। मामला सत्तारूढ़ पार्टी के चर्चित विधायक से सीधा जुड़ा होने के कारण अधिकारी लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं तो थाना पुलिस भी दौड़भाग में जुटी हुई है। थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने बुधवार शाम बताया कि गाय चोरी की घटना के तीसरे दिन भी हमारे हाथ कोई खास क्लू नहीं लगा है पर पुलिस लगातार सर्च कर रही है। वहीं विधायक पप्पू भरतौल ने लखनऊ से एसपी देहात डा. संसार सिंह से फोन पर बात कर गायों की बरामदगी और चोरों की गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित करवाने को कहा है। एसपी देहात के आदेश पर गठित चारों टीम ताबड़तोड़ दबिश देकर संदिग्धों की धरपकड़ में जुटी हैं। बुधवार शाम तक 21 संदिग्धों को मीरगंज थाने में हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही थी। संदिग्धों में मीरगंज, मिलक, शाही थाना क्षेत्रों के ऐसे लोग शामिल हैं जिनका नाम पशु तस्करी में किसी न किसी रूप में जुड़ा है। पुलिस का भी मानना है कि इनमें चोर होने की संभावना कम है पर इनके जरिये वो असली पशु चोरों तक पहुंच सकती है।
विधायक के भाई की गायों की तलाश में चार टीम लगी हैं। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल कोई खास क्लू नहीं मिला है। - संसार सिंह, एसपी देहात