मुरादाबाद के ध्यानार्थ
0000000000000000000
खोदाई के दौरान मिट्टी में दबने से मजदूर की मौत
मुरादाबाद का रहने वाला था, शास्त्रीनगर इलाके में हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। अतरसुइया के शास्त्रीनगर मोहल्ले में गहरी सीवर लाइन की खोदाई के दौरान दोपहर को अचानक मिट्टी धसक गई। इसकी चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर तौर पर घायल हो गया। उसे आनन-फानन में बाई का बाग स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए मगर वह पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद पीएम के लिए राजी हो गए। पीएम कराने के बाद परिजन शव लेकर गांव रवाना हो गए। प्रत्यक्षदर्शियोें के मुताबिक मुरादाबाद के ककरहवा गांव निवासी राशिद 19 वर्ष अपने करीब एक दर्जन साथियों के साथ सीवर लाइन की खोदाई में जुटा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर को अचानक बगल का मिट्टी का टीला धसक गया। उसकी चपेट में आने रासिद वहीं फंस गया। मिट्टी धसकने से वहां अफरातफरी फैल गई। आनन-फानन में जेसीबी बुलवाई गई और मिट्टी हटवाने का काम शुरू हुआ। जब रासिद को निकला गया तब वह गंभीर तौर पर घायल था। उसे आनन-फानन में बाई का बाग स्थित निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। थोड़ी देर में ही उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने पर रोते-बिलखते परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। मजदूर की मौत की सूचना कीडगंज पुलिस को भी दी गई। परिवार के लोग पोस्टमार्टम को राजी नहीं थे। पुलिस ने समझाबुझाकर उसका पीएम कराया। वहीं, प्रभारी इंस्पेक्टर अतससुइया का कहना है परिवार के लोगों ने किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। राशिद के पिता के मुताबिक वह चार भाई एवं छह बहनों में तीसरे नंबर का था।
इधर, मजदूर की मौत की सूचना के बावजूद कार्यदायी संस्था गंगा प्रदूषण नियंत्रण ईकाई का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मजदूर को उसके साथ काम करने वाले लोग ही लेकर अस्पताल गए, हालांकि घटना की सूचना किसी ने पुलिस को भी नहीं दी। घटना से देर-रात तक अतरसुइया पुलिस अनजान ही बनी रही।