कुल्हाड़ी के हमले में घायल वृद्ध ने तोड़ा दम
शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम, आरोपी को पुलिस पहले ही भेज चुकी है जेल
15 दिन पहले रंजिश में पड़ोसी ने कुल्हाड़ी से किया था पंपिगसेट पर सोते समय हमला
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़/ कोहड़ौर। कुल्हाड़ी के हमले में घायल वृद्ध ने उपचार के दौरान एसआरएन में दम तोड़ दिया। खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। गांव में तनातनी को देखते हुए पुलिस मुस्तैद हो गई। आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के चंदौका निवासी नागेंद्र बहादुर सिंह (63) के ऊपर 28/29 अक्तूबर की रात पंपिंगसेट पर सोते समय कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया था। उसका उपचार अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान शनिवार को एसआरएन में उसकी सांसें थम गईं। खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। गंाव में तनाव की खबर मिलने पर कोहड़ौर पुलिस अलर्ट हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजन रोने बिलखने लगे। इस मामले में मृतक के भाई नारेंद्र बहादुर सिंह ने गांव के ही राम गोपाल सरोज के खिलाफ बाहिस्तवा का मुकदमा दर्ज कराया था। नारेंद्र ने शंका जताई थी कि जमीन के विवाद में उसके भाई पर कुल्हाड़ी से हमला रामगोपाल ही कर सकता है। कुछ दिनों बाद शक यकीन में बदल गया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी रामगोपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसओ कोहड़ौर ने बताया कि दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ा दी जाएगी। आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।