10 लोग साथ लाने पर शुआट्स वीसी को चेतावनी
सिविल लाइंस में थाने में दिन भर हुई पूछताछ
सिर्फ वकील को बाहर बैठने की इजाजत
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
शुआट्स के कुलपति आरबी लाल गुरुवार को अपने साथ दस लोगों को लेकर सिविल लाइंस थाने पहुंचे थे। एसपी क्राइम ने उन्हें हिदायत दी कि इतने लोगों को साथ में लाना विवेचना में हस्तक्षेप माना जाएगा। सिर्फ वकील को बाहर बैठने की इजाजत दी गई है। पुलिस ने आज दिन में आरबी लाल से एक्सिस बैंक घोटाले से जुड़े तमाम बिंदुओं पर पूछताछ की।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर शुआट्स कुलपति आरबी लाल से सिविल लाइंस थाने प्रतिदिन पूछताछ हो रही है। गुरुवार की सुबह आरबी लाल के साथ दस लोग सिविल लाइंस थाने पहुंचे थे। एसपी क्राइम बृजेश मिश्रा ने इस पर कड़ी आपत्ति जाहिर की। उन्होंने आरबी लाल के साथ आए लोगों को बाहर किया और कहा कि पूछताछ के दौरान साथ में भीड़ लाने को विवेचना प्रभावित करने का प्रयास माना जाएगा। इस मामले को लेकर काफी देर तक कहासुनी होती रही। आरबी लाल के साथ गए उनके वकीलों ने कहा कि उनके मुवक्किल के मानवाधिकार का मामला है। काफी देर बहस के बाद निष्कर्ष निकला कि जिस कमरे में पूछताछ होगी, दोनों वकील बाहर रहेंगे। अगर वीसी को जरूरत होगी तो वह वकीलों से बात कर सकते हैं।
इसके बाद क्राइम ब्रांच और सिविल लाइंस पुलिस ने मिलकर एक्सिस बैंक घोटाले के मामले में आरबी लाल से पूछताछ की। आरबी लाल का कहना है कि इस मामले में उनका कोई ताल्लुक नहीं है। पुलिस टीम ने इस मामले में शक के दायरे में आए तमाम कर्मचारियों और एसबी लाल की भूमिका के बारे में पूछताछ की। पुलिस ने उनसे कुछ कागजात भी मांगे, जिसे मुहैया करा दिया गया है। एसपी क्राइम बृजेश मिश्रा के मुताबिक आज भी पूछताछ होती रही। पुलिस ने एक प्रश्नावलि तैयार की है, उसी के अनुसार पूछताछ हो रही है। दूसरी ओर शुआट्स के प्रवक्ता एसबी सिंह ने बताया कि वीसी आरबी लाल पुलिस का पूरा सहयोग कर रहे हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस जैसा निर्देश देगी, उसका पालन किया जाएगा।