झोलाछाप चिकित्सक के सुई लगाने से रेलवे के इंजीनियर की मौत हो गई। जिससे घर में कोहराम मच गया। आक्रोशित लोगों ने क्लीनिक पर धावा बोल दिया। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस और बाजार के लोगों के समझाने पर परिजन शांत हुए। घटना के बाद आरोपी भाग निकला।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के निनवठ अतरसंड निवासी मोहम्मद इसराइल (59) मध्य प्रदेश के इटारसी में लोको इलेक्ट्रिकल विभाग में इंजीनियर था। तबियत खराब होने के बाद वह 15 दिन पहले घर चला आया था। शुक्रवार को सुलतानपुर के एक क्लीनिक पर हाइड्रोशील का आपरेशन कराने के बाद परिजन इसराइल को घर ले आए। देर शाम उसकी तबियत अचानक खराब हो गई। उसे दर्द से तड़पता देख परिजन मदाफरपुर स्थित झोलाछाप के क्लीनिक पर ले गए। दर्द से निजात दिलाने के लिए आरोपी डाक्टर उसे कोई इंजेक्शन लगा दिया। कुछ ही देर में दर्द से इसराइल को आराम मिल गया। परिजन उसे क्लीनिक से लेकर घर पहुंचे। तभी उसे फिर दर्द होने लगा। जब तक घर के लोग समझ पाते, उससे पहले ही इसराइल की सांसें थम गईं। परिजन रोने बिलखने लगे। उसकी मौत के बाद लोग लाठी डंडे लेकर क्लीनिक पर पहुंचे। लोगों के हंगामा करने पर झोलाछाप क्लीनिक बंद कर भाग निकला। आसपास के लोगों के साथ ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। हालांकि परिवार के लोगों ने कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई है।
इनसेट------
स्वास्थ्य विभाग ने मारा क्लीनिक पर छापा
मदाफरपुर स्थित झोलाछाप चिकित्सक की क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को छापा मारा लेकिन कोई नहीं मिला। बताया जाता है कि पहले भी स्वास्थ्य विभाग ने झोलाछाप डाक्टर के खिलाफ कार्रवाई की थी लेकिन सत्ता दल के एक नेता के दबाव में स्वास्थ्य विभाग के कदम रुक गए थे। रात में हंगामे के बाद पुलिस भी डॉक्टर की तलाश कर रही थी लेकिन वह नहीं मिला।