फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। होली और चुनाव के मद्देनजर हरियाणा की शराब की तस्करी बड़े पैमाने पर हो रही है। तस्कर कार्रवाई से बचने के लिए नये-नये हथकंडे अपना रहे हैं। पिछले दिनों सहारनपुर ब्रांड के क्वार्टरों में हरियाणा की शराब से भरा कैंटर पकड़ा गया था। वहीं, बुधवार शाम फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने डाक पार्सल लिखा कैंटर पकड़कर हाईवे से हो रही शराब तस्करी की पोल खोल दी। सतुइया टोल प्लाजा पर बरेली दिशा में लाई जा रही 7500 लीटर हरियाणा मेड अंग्रेजी शराब बरामद की। दो शराब तस्कर भी पकड़े गए हैं। पुलिस बरामद शराब की कीमत 27 लाख रुपये से ज्यादा बता रही है।
बुधवार शाम मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी, एसएसआई सुजाउर्रहीम ने टीम के साथ घेराबंदी कर मुरादाबाद दिशा से आ रहे कैंटर को रोका और तलाशी ली। इसमें हरियाणा मेड रॉबिन 3 जी ब्रांड की 588 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कुल 7500 लीटर अंग्रेजी शराब 36944 क्वार्टर में भरी थी। भागने की जुगत में लगे दो तस्करों को पुलिस ने पकड़ लिया है। इन्होंने अपना नाम अनिल सिंह, राजीव कॉलोनी, थाना सदर, जिला भिवानी, हरियाणा और देवेंद्र गांव सिसाय, जिला हिसार, हरियाणा बताया। दोनों से पांच हजार रुपये कैश भी बरामद हुआ है। दोनों को गिरफ्तार कर रिपोर्ट कराई गई है। एसपी देहात डॉ. संसार सिंह और सीओ मीरगंज आलोक अग्रहरि ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर खुलासा किया। बताया कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन कर तस्करी कर लाई जा रही हरियाणा मेड अंग्रेजी शराब पकड़कर पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य किया है। तस्करी में इस्तेमाल कैंटर को भी सीज कर दिया गया है। इस पर धोखा देने के लिए साइड में डाक पार्सल लिखा था। बताया कि शराब को हरियाणा से पटना ले जाया जा रहा था। आरोपियों से पूछताछ कर धंधेबाजों पर कार्रवाई की जाएगी।