म्योराबाद और करेली में दो युवकों की हत्या
दोनों की पहचान नहीं हो पाई, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इलाहाबाद। शहर में दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार की सुबह दो युवकों के शव मिले। दोनों की गला घोंटकर हत्या की गई थी। शवों की शिनाख्त रात तक नहीं हो पाई थी। पुलिस आस पास के इलाकों से लापता युवकों के बारे में जानकारी इकट्ठी कर रही है।
कैंट थाना क्षेत्र के म्योराबाद इलाके में चर्च के पास मंगलवार की सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला। उसकी उम्र लगभग 27 साल की लग रही थी। नीली चेकदार टीशर्ट और काली पैंट पहले युवक के शरीर पर चोट के निशान तो नहीं दिख रहे थे लेकिन गला कसने का साफ निशान था। इससे लग रहा था कि गला घोंटकर उसकी हत्या की गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास के लोगों का कहना था कि युवक इस इलाके का नहीं है। इंस्पेक्टर कैंट आरएस रावत ने बताया कि आशंका है कि कहीं दूसरी जगह उसकी हत्या कर शव यहां फेंक दिया गया हो।
दूसरी ओर करेली के रसूलपुर इलाके में भी एक युवक का शव सुबह मिला। उसके शरीर पर भी जाहिरा तौर पर चोट के निशान नहीं थे लेकिन गले के पास काला पड़ा हुआ था। युवक की उम्र देखने से तकरीबन 25 साल की थी। उसने शरीर पर काली चेकदार शर्ट और हाफ पैंट था। पुलिस ने खोजा लेकिन उसके पास से कोई कागजात नहीं मिले जिससे शिनाख्त हो पाती। इंस्पेक्टर करेली एके सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिनाख्त होने के बाद ही जांच की जाएगी। आस पास के थानों में लापता युवकों के बारे में जानकारी की जा रही है।