विजलेंस की छापामारी में बुकिंग क्लर्क पर ज्यादा मिला कैश
0 भ्रष्टाचार निरोधक विशेष अभियान के तहत विजलेंस ने की छापामारी की कार्रवाई
0 संबंधित कर्मचारी की रिपोर्ट भेजी गई इलाहाबाद मंडल के वाणिज्य विभाग को
इलाहाबाद। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) द्वारा चलाए जा रहे भ्रष्टाचार निरोधक विशेष अभियान के तहत विजलेंस टीम ने बुकिंग कार्यालय में छापामारी की कार्रवाई की। इस दौरान बुकिंग कार्यालय में मुख्य बुकिंग लिपिक बीके भारद्वाज के पास मौजूद कैश का मिलान रजिस्टर से किया गया तो उसके पास 1245 रुपये अधिक मिले। यहां कुछ अन्य अनियमितताएं भी पाई गई। संबंधित कर्मचारी की रिपोर्ट वाणिज्य विभाग को भेजी गई है। इसके बाद ही उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल एनसीआर प्रशासन की ओर से भ्रष्टाचार निरोधक विशेष अभियान बुधवार की शाम से चलाया जा रहा है जो चार फरवरी की सुबह आठ बजे तक चलना है। इसी के तहत मुख्य सतर्कता निरीक्षक बृजेश कुमार खरे, अवनीश द्विवेदी, पंकज अहेरवार एवं बृजेश स्मिथ ने इलाहाबाद जंक्शन के पार्सल कार्यालय, बुकिंग कार्यालय एवं प्लेटफार्म की जांच की। बुकिंग कार्यालय में जांच के दौरान ज्यादा कैश मिलने की गड़बड़ी उजागर हुई। एनसीआर के पीआरओ अमित मालवीय के अनुसार इस अवधि में राजधानी, शताब्दी आदि ट्रेनों की चेकिंग भी की जाएगी। अभियान में स्टेशन निदेशक, स्टेशन प्रबंधक एवं रेल सुरक्षा बल के उपनिरीक्षक आदि एक टीम के रूप में कार्य कर रहे हैं। इस दौरान इलाहाबाद जंक्शन, कानपुर, अलीगढ़, इटावा, फतेहपुर, मिर्जापुर, फफूंद, टूंडला, झांसी, ग्वालियर, चित्रकूट धाम, ललितपुर, महोबा, मुरैना, उरई, बांदा, मथुरा, आगरा फोर्ट, राजा की मंडी, आगरा कैंट आदि स्टेशनों की 24 घंटे वार रिपोर्ट बनाकर उसे रेलवे बोर्ड भी भेजा जाएगा।