पुलिसकर्मी बनकर उड़ा दिए 50 हजार रुपये
लोकनाथ चौराहे पर व्यापारी को बनाया शिकार
कोतवाली में चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
प्रयागराज। लोकनाथ चौराहे के पास पुलिसकर्मी बनकर बदमाशों ने व्यापारी का 50 हजार रुपये उड़ा दिया। साथ ही पलक झपकते ही वहां से गायब हो गए। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शु़रू कर दी है।
मेजा के उरूवा ब्लॉक स्थित सुकुलपुर गांव के रहने वाल ेअंकित तिवारी व्यापारी हैं। हफ्ते मेें दो बार मार्केट करने के लिए वह चौक आते हैं। उनका आरोप है कि 16 फरवरी को वह सुबह 10.30 बजे के करीब लोकनाथ चौराहे के पास खरीदारी के लिए आए थे। इसी दौरान चार लोगों ने उन्हें रोक लिया। खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्होंने उनके बैग की चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद उन्होंने दूर खड़े व्यक्ति की ओर इशारा कर उनसे कहा कि वह हमारे अफसर हैं। जाकर उनसे चेकिंग कराओ। व्यापारी जैसे ही आगे बढ़े तो आरोपी भाग निकले। उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो वहां कोई मौजूद नहीं था। बैग चेक किया तो पता चला कि उसमें रखे 50 हजार रुपये गायब थे। कोतवाली पुलिस ने उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर ठगी
प्रयागराज। ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर जार्जटाउन में रहने वाली छात्रा तिष्या भारती के साथ ठगी की गई। उसका आरोप है कि उसने ऑनलाइन कपड़ोें का ऑर्डर दिया था जिसके एवज में उससे 4299 रुपये खाते में जमा कराए गए थे। डिलीवर डेट 18 फरवरी बीत जाने के बाद भी कपड़े नहीं मिले। उसने दिए गए नंबर पर मैसेज भी किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।