शोहदा ने छात्रा के घर में घुसकर पिता से की मारपीट
0 चिट्ठी फेंकी, धमकी दी कि उठा ले जाऊंगा, कोई बोला तो मार दूंगा
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
धूमनगंज के अंबेडकर बिहार कालोनी में रहने वाली एक छात्रा का जीना एक शोहदे ने हराम कर रखा है। छात्रा के पिता ने जब मना किया तो शोहदे ने कालोनी में घुसकर उनके साथ मारपीट की। घर पर एक चिट्ठी फेंककर छात्रा को उठा ले जाने की धमकी दी है।
अंबेडकर बिहार कालोनी की रहने वाली एक किशोरी हाईस्कूल की छात्रा है। चौफटका का रहने वाला अरशद उसे काफी समय से परेशान कर रहा है। आते-जाते पीछा करना, अश्लील कमेंट से ऊब कर किशोरी ने पिता को यह बात बताई। पिता ने शोहदे को रास्ते में रोककर मना किया। सात सितंबर की शाम शोहदा कालोनी स्थित उनके घर में घुस गया और पिता से मारपीट की। उसने साफ कहा कि वह छात्रा को उठा ले जाएगा। कोई बोला तो मार दूंगा। जाते जाते उसने एक चिट्ठी भी घर में फेंकी, उसमें तमाम आपत्तिजनक बातें लिखी थीं। चिट्ठी में भी अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। छात्रा के पिता ने पुलिस को सूचना दी। रात में अरशद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इंस्पेक्टर धूमनगंज ने बताया कि आरोपी की खोजबीन की जा रही है।