बमरौली में दो पक्षों में बवाल, फायरिंग
खेत से जा रहा बिजली का तार काटने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस ने भेजी दो लाइसेंसी असलहों के निरस्तीकरण की संस्तुति
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
बमरौली के बाकराबाद गांव में बृहस्पतिवार सुबह दो पक्षों में जमकर बवाल हो गया। खेत से जा रहे बिजली का तार काटने पर शुरू हुए विवाद में एक पक्ष के युवक की सरिये से पिटाई की गई तो तमाम लोग इकट्ठे हो गए। दूसरे पक्ष ने लाइसेंसी असलहों से फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि, गोली किसी को लगी नहीं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों असलहों के लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेज दी है।
बाकराबाद का रहने वाला संदीप पांडेय दबंग प्रवृत्ति का है। गांव में गया बिजली का तार उसके खेतों से गया है। बारिश के दौरान एक खंभा झुक गया था, जिससे तार नीचे लटकने लगा था। गुरुवार सुबह संदीप और उसके परिवार वाले गांव में गए और बिजली का तार काटने लगे अन्य लोगों ने विरोध किया। सुमित और रोहित पांडेय आगे आए और उन्हें रोकने की कोशिश की तो संदीप के पक्ष के लोगों ने रोहित को सरिये से मारकर लहूलुहान कर दिया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश भड़क गया। वे इकट्ठे होने लगे तो उन्हें डराने के लिए संदीप के पक्ष से फायरिंग शुरू कर दी गई। कई राउंड फायर के बाद वे वहां से भाग निकले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक मैगजीन और तीन खोखे मौके से मिल गए। आरोपी पक्ष मौके से फरार हो गए। सुमित पांडेय की तहरीर पर संदीप पांडेय, प्रदीप पांडेय, जयनारायण, सिद्ध नारायण और दिनेश पांडेय के खिलाफ हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज कर ली गई। इंस्पेक्टर एके त्यागी ने बताया कि आरोपी पक्ष भागे हुए हैं। उनके पास रायफल और रिवाल्वर के लाइसेंस हैं। दोनों असलहों से फायरिंग की गई थी। दोनों के लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेज दी गई है।