नकल कराने से मना करने पर किया चाकू से हमला
0 हिंदू हॉस्टल के छात्र और उसके साथियों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
इलाहाबाद। नकल कराने से इंकार करने पर नाराज युवक ने कंप्यूटर सेंटर में तैनात एक कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया। गले में चाकू लगने से वह घायल हो गया। केंद्र संचालक की तहरीर पर पुलिस ने हिंदू हॉस्टल के एक छात्र समेत बीस अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि घायल का मेडिकल कराने के साथ मामले की जांच की जा रही है।
थाना सिविल लाइंस के एल्गिन रोड स्थित जेकेएसएस नाइटिल संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान में सीसीसी कोर्स की परीक्षा थी। निदेशक मनीष सिंह ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम करीब सवा सात बजे हिंदू हास्टल का रहने वाला सचिन पंडित अपने करीब पंद्रह-बीस साथियों के साथ सेंटर के भीतर घुस आया और नकल कराने के लिए दबाव बनाने लगा। उन्होंने जब ऐसा करने से इंकार किया तब इन लोगों ने गालीगलौज शुरू कर दी। तब तक वहां केंद्र के दूसरे कर्मचारी भी आ गए। विवाद के दौरान ही आरोपियों में से एक ने चाकू निकाल कर हमला कर दिया। बीचबचाव करने के चक्कर में कर्मचारी सतीश सिंह के गले एवं बांह में चाकू लग जाने से चोट आ गई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी, लेकिन हमलावर भाग गए। घायल को लेकर मनीष सिविल लाइंस थाने पहुंचे, जहां सतीश को मेडिकल कराने के लिए भेज दिया गया एवं मनीष की तहरीर पर आरोपी सचिन समेत बीस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। एसओ सिविल लाइंस के मुताबिक आरोपियों की तलाश की जा रही है।