हुक्का बार के खिलाफ अभियान में पुलिस को सिविल लाइंस स्थित फायर एंड फ्लेम होटल में छापा मारकर दस हुक्का और उनमें इस्तेमाल होने वाला तंबाकू (फ्लेवर) बरामद कि या है। विस्तार से इस होटल में चेकिंग की गई तो तीन घरेलू सिलेंडरों का कामर्शियल इस्तेमाल होते हुए मिला। जिसे पुलिस ने गंभीर अपराध मानते हुए आपूर्ति विभाग की टीम बुला ली। देर रात में आपूर्ति विभाग की टीम की ओर से होटल मालिक सहित चार लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराने की अनुमति के लिए फाइल डीएम को भेज दी है। छापे में होटल मालिक सहित चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
गुरुवार रात सिविल लाइंस श्रीश चंद्र ने पुलिस बल को साथ लेकर हुक्का बार के खिलाफ अभियान चलाया। हाईकोर्ट के पास एक पेट्रोल पंप के निकट फायर एंड फ्लेम होटल में पुलिस बल के साथ सीओ सिविल लाइंस ने छापा मारा। यहां पर हुक्का पीते हुए युवक और युवतियां मिले। कई नाबालिग भी हुक्का पीते मिले, जिनको अभिभावक बुलाकर सौंप दिया गया। होटल से काफी मात्रा में तंबाकू और फ्लेवर मिला है। यहां पर तीन घरेलू सिलेंडर मिले। जिनको जब्त कर गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
इस दौरान वहां एक वकील और कई रसूकदार लोगों ने सीओ से कुछ ले देकर छोड़ने की बात कहीं तो वह भ़ड़क गए। उसी समय सीओ ने डीएसओ और वाणिज्यकर विभाग की टीम बुलाकर घरेलू गैस सिलेंडर सपुर्दगी में दिलवाए। डीएसओ ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक इस्तेमाल करने पर होटल मालिक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 में कार्रवाई के लिए फाइल डीएम के पास भेज दी है।