व्यवसायी से लेकर बिल्डर तक शामिल
सूत्रों का कहना है कि माफिया के मददगारों में व्यवसायियों से लेकर प्रॉपर्टी डीलरों, बिल्डरों तक का नाम शामिल रहा। फरारी के बावजूद उसके धंधे बेरोकटोक संचालित होते रहे तो इसमें उसके गैंग के सदस्यों के साथ ही कई ऐसे लोगों की भी बेहद अहम भूमिका रही, जो पर्दे के पीछे से उसकी मदद करते रहे। गौरतलब है कि 2017 में सूबे में भाजपा सरकार आने के बाद से ही अशरफ फरार हो गया था और वह पुलिस को तीन साल तक छकाता रहा। बेखौफ होकर वह हटवा स्थित अपने ससुराल आता-जाता रहा और पुलिस से लुकाछिपी का खेल खेलता रहा। जुलाई 2020 में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। यह इत्तेफाक ही था कि अशरफ उसी रात पकड़ा गया जिस समय प्रदेश भर को हिला देने वाला बिकरू कांड हुआ।
भूमाफिया नेता की मदद से पहुंचा था मुंबई
सूत्रों का कहना है कि फरारी के दौरान अशरफ की मदद एक भूमाफिया नेता ने भी की थी। उसकी मदद से अशरफ ने कई दिनों तक मुंबई में रहकर भी फरारी काटी थी। तीन दर्जन से ज्यादा मुकदमों वाला यह भूमाफिया धूमनगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। माफिया के खिलाफ 2020 में चले अभियान के दौरान उसके भी अवैध निर्माण पर बुल्डोजर चला था। हालांकि योगी सरकार के एक्शन के बाद भूमाफिया नेता शहर छोड़कर दूसरे राज्य में ठिकाना बना लिया। फिलहाल उसकी भी संपत्तियाें का पता लगाया जा रहा है।