प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 47 के तहत छह विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग शुक्रवार से शुरू नहीं कराई जा सकी। लगातार तीन छुट्टियां होने के कारण उच्च शिक्षा निदेशालय को काउंसलिंग को प्रस्तावित कार्यक्रम बदलना पड़ा। काउंसलिंग अब 24 से 26 फरवरी तक कराई जाएगी।
विज्ञापन संख्या 47 के तहत छह विषयों चित्रकला, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, शारीरिक शिक्षा एवं अंग्रेजी विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों की ऑनलाइन काउंसलिंग 22 से 25 फरवरी तक आयोजित की जानी थी। इस दौरान अभ्यर्थियों नियुक्ति के लिए कॉलेज आवंटन के विकल्प भरने थे। अब यह प्रक्रिया 24 से 26 फरवरी तक चलेगी। इस दौरान अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटन के ऑनलाइन विकल्प भरने होंगे। डाटा प्रोसेसिंग की तिथि 27 फरवरी निर्धारित की गई, जबकि 28 फरवरी को परिणाम आ जाएगा।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. वंदना शर्मा ने बताया कि एनआईसी में शुक्रवार से रविवार तक लगातार तीन दिनों की छुट्टी है। कार्यक्रम निर्धारित किए जाते वक्त इस बात का ध्यान नहीं रखा गया था, सो काउंसलिंग के कार्यक्रम में परिवर्तन करना पड़ा ताकि अभ्यर्थियों को असुविधा न हो।