प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिया। साथ ही माघ मेला से जुड़े़ कार्यों को समय से करने की हिदायत दी। इस दौरान उन्होंने पार्षदों के साथ सर्किट हाउस में मुलाकात की।
भाजपा की वरिष्ठ पार्षद एवं नगर निगम में भाजपा की मुख्य सचेतक किरन जायसवाल ने सर्किट हाउस में नगर विकास मंत्री एके शर्मा से मुलाकात कर नगर निगम के गृह कर बकाया पर एक मुश्त समाधान (ओटीएस) व्यवस्था लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं को ओटीएस लागू करने से बहुत बड़ा लाभ मिला है। गृह कर के बिल में अनियमितता के कारण लगभग अस्सी हजार भवन स्वामी अपना गृह कर नहीं जमा कर पा रहे हैं।
महापौर गणेश केसरवानी के नेतृत्व में नगर निगम सदन ने विसंगतियां दूर करने के लिए आपत्ति दाखिल करने का सुनहरा अवसर गृह स्वामियों को दिया है। बकायों पर भारी ब्याज है, जिसे माफ करने की शक्ति नगर निगम के पास नहीं है। इस पर शासन आदेश जारी कर भवन स्वामियों को राहत दिया जाए l
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री का भाजपाइयों ने किया स्वागत
उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का प्रयागराज आगमन पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा ने शिवकुटी मेंहदौरी चौराहे पर स्वागत किया। सर्किट हाउस के प्रांगण में महापौर गणेश केसरवानी ने पुष्पगुच्छ देकर सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत किया। मंत्री के साथ संगठनात्मक एवं नगर निगम के कार्यों की चर्चा की। इस अवसर पर मंत्री ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस अवसर पर भाजपा नगर निगम प्रयागराज के मुख्य सचेतक वरिष्ठ पार्षद किरन जायसवाल ने गृह कर बकाया पर ओटीएस लागू करने की मांग की। महानगर उपाध्यक्ष विवेक अग्रवाल एवं मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने कुंभ मेला क्षेत्र में जुड़े वार्ड की आंतरिक गलियों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विशेष बजट देने का आग्रह किया। स्वागत करने वालों में स्वागत करने वालों में वरुण केसरवानी, पार्षद किरन जायसवाल, संजय गुप्ता, देवेश सिंह, विवेक अग्रवाल, राजेश केसरवानी, राजू पाठक, नटवरलाल भारती, संजय गुप्ता, संजय श्रीवास्तव, नवीन शुक्ला, रविंद्र जायसवाल, विजय श्रीवास्तव, एजाजुद्दीन, महेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।