शनिवार को प्रयागराज में दिन का तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे गिर गया। अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात का पारा लुढ़ककर 8.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके कारण रात के साथ ही दिन में भी लोगों को भारी गलन महसूस हुई। उधर शाम होते ही बाजारों से रौनक गायब होने लगी। लोग भी अपने कार्यालयों से समय से पहले निकलने की जुगत में दिखाई पड़े। सबसे अधिक परेशानी यात्रा के लिए रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर जाने वालों को हुई। जहां उन्हें लंबे समय तक बसों और ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।
माघ मेला में बारिश ने बढ़ाई मुसीबत
बेमौसम बरसात के कारण माघ मेला क्षेत्र में पहुंचे लोगों को अधिक मुसीबत का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण मेला क्षेत्र में त्रिवेणी मार्ग पर कई स्थानों पर चकड़ प्लेट उखड़ गई। इसके कारण उधर से गुजरने वालों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। माघ मेला शुरू होने में भले ही अभी कुछ समय बाकी है, लेकिन बड़ी संख्या में साधू महात्मा और कल्पवासी पहुंचने लगे हैं। बारिश के कारण उनको अपना पंडाल लगाने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ा। मेला क्षेत्र के रामानुज नगर आचार्य बाड़ा में लग रहे पंडालों का कार्य कुछ देर के लिए रोकना पड़ा।