रोडवेज बस अड्डे कोरोना का डर नहीं बगैर मास्क के बस पर बैठने को भीड़ लगाये खड़े यात्री।
- फोटो : PRATAPGARH
प्रतापगढ़। सर्दी बढ़ने के साथ ही जनपद में फिर से कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। मंगलवार को 24 घंटे के भीतर जिले में 32 कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा रहा। उनके उपचार की व्यवस्थाओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग कोविड अस्पताल में आक्सीजन व पल्स आक्सीमीटर की तलाश में जुट गया।
जिले में कोरोना की रफ्तार थम गई थी, मगर सर्दी बढ़ने के साथ ही फिर मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी होने लगी है। जांच के साथ ही मरीजों की संख्या भी बढ़ती ही जा रही है। मंगलवार को 24 घंटे के भीतर जिले में 32 लोग कोरोना संक्रमित मिले। जिनमें से अधिकांश को होम आइसोलेट कर दिया गया। कुछ मरीजों को कोविड एल वन अस्पताल लाया गया। मंगलवार को कुल 686 लोगों का सैंपल जांच के लिए लिया गया। जिले में अभी तक 4849 केस सामने आ चुके हैं। जिसमें से 4596 लोग ठीक हो चुके हैं। जिले में कुल 187 एक्टिव केस हैं।
144 हॉटस्पाट बनाए गए हैं। सर्दी के साथ ही कोरोना के बढ़ रहे संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया। कम मरीजों के मिलने पर बेपरवाह हो चुका स्वास्थ्य विभाग मंगलवार को आक्सीजन, पल्स मानीटर समेत अन्य उपकरणों की खोजबीन करने के साथ ही कोरोना संक्रमित मरीजों की देखभाल करने वाली टीम की व्यवस्था में लगा रहा। सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि सर्दी में कोरोना की रफ्तार बढ़ेगी। लोग लापरवाही न बरतें। उनकी लापरवाही की सजा परिवार के साथ ही रिश्तेदारों को भुगतनी पड़ सकती है।