लखनऊ के मलिहाबाद में जहरीली शराब पीने से 45 लोगों की मौत के बाद मचे कोहराम के बीच इलाहाबाद में भी पिछले तीन दिन से अवैध शराब बनाने और बेचने के अडडों पर पुलिस तथा आबकारी की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है। बृहस्पतिवार को भी पुलिस और आबकारी ने दर्जनों स्थान पर छापे मारकर भारी मात्रा में कच्ची शराब और लहन महुआ नष्ट किया। दर्जनों भट्ठियां तोड़ी और 50 लोगों को गिरफ्तार किया। एसएसपी दीपक कुमार के आदेश पर जिले के हर थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार को भी अवैध शराब बनाने के दर्जनों स्थानों पर छापेमारी की। शहर के धूमनगंज, करेली, शिवकुटी, कर्नलगंज, कैंट, दारागंज आदि थानों की पुलिस ने गंगा-यमुना के कछार में कच्ची शराब बनाने के ठिकानों पर दबिश दी तो वहां मौजूद लोग भागने लगे।
उन्हें घेरकर पकड़ने के बाद कार्रवाई की गई। शहर की पुलिस ने 24 लोगों को गिरफ्तार कर 435 लीटर कच्ची देशी शराब, गंगापार के उतरांव, हंडिया, झूंसी, सोरांव, नवाबगंज, फूलपुर, सरायममरेज आदि इलाके में भी पुलिस ने छापेमारी कर पांच लोगों को कच्ची शराब बनाते पकड़ लिया। वहां 70 लीटर कच्ची शराब कच्ची शराब जब्त की गई। उतरांव पुलिस ने खोदायपुर में तालाब के पास 35 डिब्बे में कच्ची शराब बरामद की हालांकि शराब विक्रेता भाग गए। इसी तरह, यमुनापार के नैनी, घूरपुर, मेजा, मांडा, करछना आदि इलाकों की पुलिस ने 14 लोगों को अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने के आरोप में गिरफ्तार कर 202 लीटर शराब बरामद की। इस तरह से पुलिस ने जिले में 43 लोगों को गिरफ्तार कर 707 लीटर कच्ची देशी शराब जब्त की।
इस दौरान सौ से ज्याद भट्ठियां तोड़ी गईं। उधर, जिला आबकारी अधिकरी सुदर्शन सिंह के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने धूमनगंज में नीवां कछार में अवैध शराब के बड़े अ़ड़्डे पर छापा मारा। आबकारी टीम ने अड्डे तक जाने के लिए नाव का सहारा लिया। वहां टीम ने कई गैलन में 300 लीटर कच्ची शराब बरामद की। पांच हजार किलो महुआ लहन नष्ट किया और 50 से ज्यादा भट्ठियां तोड़ दी। 10 लोगों पर केस दर्ज कराए गए। धूमनगंज पुलिस की भी छोपमारी में मदद ली गई। टीम में आबकारी निरीक्षक कुलदीप सिंह, आरबी सिंह, नीरज कुमार द्विवेदी, राममोहन त्रिपाठी, सुनील कुमार, संजय भारती, अमित मिश्रा के अलावा तीस सिपाही भी शामिल रहे।