फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेस ने संगमनगरी में उमा के करीबी पर लगाया दांव

Tue, 23 Apr 2019 01:39 AM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
केंद्रीय मंत्री उमा भारती
विज्ञापन
भाजपा से नाराजगी के बाद कांग्रेस में आए योगेश शुक्ला को इलाहाबाद संसदीय सीट से टिकट देकर कांग्रेस ने बड़ा सियासी संदेश दिया है। पार्टी ने इस समीकरण के जरिए जहां रीता बहुगुणा फैक्टर का काट खड़ा करने की कोशिश की है, वहीं वहीं भाजपा से नाराज खेमे को भी साधने का भी गणित गाया है।  राष्ट्रीय युवा आयोग के सदस्य रहे योगेश भाजपा की फायर ब्रांड नेता उमा भारती के करीबी माने जाते रहे हैं। 2009 में डॉ. जोशी के बनारस जाने के बाद खाली हुई इलाहाबाद सीट पर भाजपा ने योगेश को पर ही भरोसा जताया था। 
विज्ञापन


 छात्र राजनीति से सियासत में कदम रखने वाले योगेश पिछले 25 वर्षों से भाजपा से जुड़े रहे हैं। फिलहाल वह रेलवे बोर्ड की यात्री सुविधा समिति के सदस्य हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में संगठन में काम करने की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की थी। वह स्वदेशी जागरण मंच के लिए लंबे समय तक काम किया। वह पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह गौर के भी निकट रहे हैं। 1991 में जब सूबे में भाजपा की सरकार बनी थी, तब उच्चशिक्षा मंत्री रहे गौर के वह पीए भी रहे। उमा भारती जब मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री बनी थीं, तब वह उनके करीबी के तौर पर उभरे थे। इसके बाद 1996 में केंद्र में अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार के समय उनको राष्ट्रीय युवा आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया था।

वर्ष 2009 के संसदीय चुनाव में भाजपा के टिकट पर वह चुनाव मैदान में उतरे थे, तब वह करीब 72 हजार मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। इसके बाद वह संगठन के लिए काम करते रहे। मेजा कताई मिल के मजदूरों के हक-हुकूक के लिए उन्होंने संघर्ष कर अपनी जमीन बनाने की कोशिश की थी। इस बार के लोस चुनाव में उन्होंने पार्टी हाईकमान से एक बार फिर टिकट मांगा था। दिल्ली-लखनऊ की दौड़ भी लगाई, लेकिन रेस में वह पिछड़ गए और रीता बहुगुणा जोशी को पार्टी ने टिकट दे दिया। इससे योगेश व उनके समर्थक खासा नाराज थे। 
विज्ञापन


कांग्रेस से टिकट मिलने के बाद योगेश शुक्ला देर रात दिल्ली से इलाहाबाद पहुंचे। शाम से ही सिविल लाइंस स्थित उनके आवास पर मेजा, करछना व बारा के साथ ही शहर के समर्थकों का जमावड़ा शुरू हो गया। इसके साथ ही नामांकन की भी तैयारियां शुरू हो गईं। 

ग्रेस के जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी, शहर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष नफीस अनवर ने उनको फोन पर बधाई दी। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता किशोर वार्ष्णेय, लोक सभा प्रभारी फुजै हाशमी, अरशद अली समेत कई नेताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर बधाई दी। 

इलाहाबाद लोक सभा सीट के कांग्रेस प्रत्याशी योगेश शुक्ला मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगे। इसके लिए औपचारिकताओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। पार्टी के प्रवक्ता किशोर वार्ष्णेय ने बताया कि दिन के 11:30 बजे बालसन चौराहे पर महात्मा गांधी व पं नेहरू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद आनंद भवन से जुलूस निकलेगा। नामांकन दाखिले में पार्टी पूरी ताकत व एकजुटता के साथ उतरेगी।    
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें