झूंसी के दुर्जनपुर में अनुसूचित जाति के परिवार की महिलाओं को सरेआम पीटा गया। महिला व उसकी दो बेटियों पर लात-घूंसे बरसाए गए लेकिन, पुलिस ने शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं की। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत एसएसपी से की है जिस पर कार्रवाई का आश्वासन मिला है।
लक्ष्मी देवी पत्नी राजनारायण झूंसी के दुर्जनपुर गांव की रहने वाली है। उसने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 18 अप्रैल को वह शाम छह बजे बेटियों स्वाति व शिवानी के साथ प्लॉट पर गई थी। इसी दौरान दारागंज निवासी एक व्यक्ति अपने पांच-छह साथियों के साथ आया और गालीगलौच करते हुए वहां से जाने को कहा। विरोध पर बाल खींचकर जमीन पर गिरा दिया और पीटने लगे। बेटियां बीचबचाव को आईं तो उन्हें भी पीटा। आरोप है कि पीटने के दौरान उसके मुंह में कपड़ा भी ठूंस दिया।
बेटियों के शोर मचाने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। मामले की शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की। पीड़ित का दावा है कि उच्चाधिकारियों ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।