Prayagraj News : संघ की बैठक में मौजूद पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला।
देश में बढ़ रही बेरोजगारी को लेकर आरएसएस भी गंभीर हो गया है। इस समस्या से निपटने के लिए वह अपने सामर्थ्यवान स्वयंसेवकों को आगे लाएगा, जोकि लोगों को रोजगार देंगे। संगमनगरी के गौहनिया में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में दूसरे दिन स्वदेशी के साथ छोटे उद्योगों को बढ़ावा दिए जाने की वकालत की गई।
वात्सल्य परिसर में चल रही बैठक में सोमवार को तमाम पदाधिकारियों ने एक मत से राय दी कि ऐसे लोग जो संघ की रीति-नीति के प्रति अपना झुकाव रखते हैं, उनसे स्वयंसेवक मुलाकात करें। ऐसे व्यवसायी, सामर्थ्यवान लोग, उद्योगपतियों को इस बात के लिए प्रेरित किया जाए कि वह बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध करवाएं। बैठक में कोरोना काल के दौरान गई लोगों की नौकरियों को लेकर चर्चा हुई। हालांकि यह भी बताया कि बीते एक वर्ष केदौरान हालात में सुधार भी हुआ है।