सिविल लाइंस स्थित सुभाष चौराहे के पास सर्वे करने गए वाणिज्य कर अधिकारी परशुराम यादव को हार्ट अटैक आ गया। यूनियन बैंक वाली गली में हुए इस वाकये के बाद वहां काफी भीड़ लग गई। व्यापारियों ने इसकी सूचना वाणिज्य कर विभाग के अफसरों को दी। एक निजी नर्सिंग होम में उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया। लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
परशुराम यादव की तैनाती वाणिज्य कर विभाग के सिविल लाइंस कार्यालय में थी। कुछ वर्ष पूर्व ही वह पदोन्नति पाकर वाणिज्य कर अधिकारी बने। विभागीय अफसरों ने बताया कि उन्हें शुगर और रक्तचाप की समस्या थी। शुक्रवार को वह यूनियन बैंक वाली गली में सर्वे केे लिए गए। इस दौरान एक व्यापारी से बातचीत के दौरान वह अचानक गिर गए। इस दौरान वहां अफरा तफरी का माहौल बन गया।
लोगों को लगा कि उनकी वहां एक व्यापार मंडल के पदाधिकारी से बहस हुई है। परशुराम को वहां के कुछ व्यापारी जानते थे, सो उन्होंने विभागीय अफसरों को भी उनके गश खाकर गिरने की सूचना दे दी। कुछ ही देर में व्यापारियों और विभागीय अफसरों की मदद से उन्हें सिविल लाइंस स्थित एक नर्सिंग होम में ले जाया गया। वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
57 वर्षीय परशुराम के निधन की खबर किसी को यकीन ही नहीं हो रहा था कि उनकी मौत हो गई है। बाद में उन्हें एक और नर्सिंग होम ले जाया गया। वहां भी चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विभाग के उपायुक्त प्रशासन एके गौतम ने बताया कि परशुराम का पार्थिव शरीर उनके परिजन एंबुलेंस से लेकर वाराणसी के लिए रवाना हो गए। डीसी मुकेश कुमार ने बताया कि वह सिविल लाइंस में ही किराये के मकान पर रहते थे।
कटरा में वाणिज्य कर विभाग ने पकड़ी जीएसटी की चोरी
वाणिज्य कर विभाग की टीम ने शुक्रवार को कटरा में जीएसटी की चोरी पकड़ी। यहां एक हाईवेयर कारोबारी के यहां हुई जांच में लाखों रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी गई। इस दौरान वहां विभागीय टीम ने तमाम प्रपत्र भी सीज कर लिए। मौके पर ही उससे 11.50 लाख रुपये जमा करवाए गए। डीसी मुकेश कुमार ने बताया कि व्यापारी के ऊपर 25 लाख की पेनाल्टी लगी है। उसने बाकी पेनाल्टी शीघ्र ही जमा करने की बात कही है।