प्रयागराज। असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों के लिए राहत वाली खबर है। 27 दिसंबर तक उन्हें कॉलेज आवंटित कर दिए जाएंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय ने बृहस्पतिवार को काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया। अभ्यर्थियों को 21 से 24 दिसंबर तक ऑनलाइन कॉलेज का विकल्प भरना होगा।
प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 47 के तहत 35 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों पर भर्ती होनी है। उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग की ओर से अब तक 31 विषयों का इंटरव्यू कराकर अंतिम चयन परिणाम घोषित किया जा चुका है। इन विषयों में चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए आयोग की ओर से संबंधित फाइलें भी उच्च शिक्षा निदेशालय को काफी पहले भेजी जा चुकी हैं। सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी के कारण निदेशालय को काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी करने में देर हुई।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. वंदना शर्मा के अनुसार एनआईसी ने बृहस्पतिवार को सॉफ्टवेयर उच्च शिक्षा निदेशालय को हस्तांतरित कर दिया। निदेशालय की ओर से डाटा फीड करने की अवधि 13 से 19 दिसंबर निर्धारित की गई है। वहीं, 20 दिसंबर को निदेशालय द्वारा डाटा लॉक/वेरीफिकेशन की तिथि निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटन के लिए 21 से 24 दिसंबर तक ऑनलाइन विकल्प भरना होगा। 26 एवं 27 दिसंबर को डाटा प्रोसेसिंग की प्रक्रिया होगी और 29 को ही परिणाम जारी कर दिया जाएगा।
मोबाइल नंबर अपडेट कराने को करें आवेदन
अभ्यर्थियों को काउंसलिंग एवं नियुक्ति से संबंधित उनके मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भेजी जाती है। ऐसे में विज्ञापन संख्या 47 में चयनित जिन अभ्यर्थी के मोबाइल नंबर बदल गए हैं या बंद हो गए हैं, उन्हें मोबाइल नंबर को परिवर्तित करते हुए इसकी सूचना ईमेल आईडी ‘AYOG.472019@gmail.com’ पर निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध करानी होगी। इसमें अभ्यर्थी को अपना नाम, रोल नंबर, विषय, पुराना मोबाइल नंबर, संशोधित मोबाइल नंबर लिखना होगा। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. वंदना शर्मा के अनुसार निर्धारित तिथि के बाद कोई संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।