नई दिल्ली जा रही प्रयागराज एक्सप्रेस में लूकरगंज की छात्रा से छेड़खानी प्रकरण पर अलीगढ़ के सीएमआई संजय शुक्ला ने मंगलवार को रिपोर्ट प्रयागराज के डीआरएम ऑफिस को भेज दी। अब बुधवार को मंडल के अफसर अध्ययन करेंगे। रिपोर्ट के आधार पर आरोपी टीटीई से एक बार फिर से पूछताछ की संभावना है। इसके बाद दो दो-तीन दिनों में टीटीई को चार्जशीट दिए जाने की कार्रवाई भी संभव है।
लूकरगंज की रहने वाली जेएनयू की छात्रा शनिवार को प्रयागराज से दिल्ली जा रही थी। छात्रा के अनुसार आरोपी टीटीई ने स्लीपर कोच में उसके साथ अश्लील हरकत की। उस समय वह सो रही थी। जगने पर टीटीई को पास बैठ देख वह घबरा गई। छात्रा ने पिता को फोन पर पूरी जानकारी दी। इस मामले में अलीगढ़ में एफआईआर दर्ज होने के बाद डीआरएम ऑफिस में आरोपी टीटीई से सोमवार को पूछताछ भी की गई थी। इसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया। हालांकि पूछताछ में टीटीई ने खुद को बेकसूर बताया। अब अलीगढ़ से भी डीआरएफ ऑफिस में रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।