prayagraj news : संगम तट पर मौसम का नजारा।
- फोटो : prayagraj
पछुआ हवाओं की सुस्ती से मंगलवार को धूप-छांव का मौसम बना रहा। दिन में भटके बादलों ने शाम को कहीं-कहीं रिमझिम तो कहीं बूंदाबांदी कराई। दिन भर उमस चरम पर रही। लोग पसीना ही पोछते रहे। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आज भी धूप-छांव का मौसम बना रहेगा। हल्की बारिश के आसार बने हैं।
मौसम ने अचानक पलटी मारी है। चार दिन की तेज बारिश से सुहाना हुआ मौसम हवाओं की सुस्ती से बदल गया। सुबह बादल डेरा जमाए रहे, लेकिन दोपहर बाद सूरज बादलों की ओट से निकला। धूप ऐसी थी कि बाहर निकले लोगों की त्वचा चुनचुनाने लगी। दिन भर बादलों और धूप के बीच लुकाछिपी चलती रही। शाम करीब छह बजे बादल मोहल्ला देखकर बरसे। कहीं तेज फुहारें पड़ीं तो कहीं सिर्फ बूंदाबांदी ही हुई। अधिकतर इलाके सूखे ही रहे।
मंगलवार को अधिकतम तापमान मामूली अंतर के साथ कुछ बढ़त हासिल कर 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान ने करीब दो डिग्री के अंतर से उमस को हावी होने का मौका दिया। रात में तापमान 27.2 डिग्री सेल्सिसय दर्ज किया गया। पांच दिन से वातावरण में उच्च स्तर पर बनी नमी कम हुई। आर्द्रता का स्तर असंतुलित रहा। अधिकतम आर्द्रता 82 और न्यूनतम 71 प्रतिशत मापी गई।
मौसम विज्ञानी प्रोफेसर एचएन मिश्रा के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से चली मानसून एक्सप्रेस अब मैदानी इलाकों में तेज बारिश कराएगी। अगले दो दिन में जम्मू में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ तेज बारिश का कारण बनेगा। इस बीच हवाओं की सुस्ती बनी रही तो बादल भटकेंगे, बारिश में भी बाधा पड़ेगी। अगले कुछ दिन तक धूप-छांव का मौसम बना रह सकता है। उमस परेशानी का करण बनी रहेगी।