एसपीवी के गठन में देरी का नतीजा
- फोटो : PTI
सिविल लाइंस में सुंदरीकरण का काम बेहद धीमी गति से होने पर मंगलवार को मंडलायुक्त का गुस्सा फूट पड़ा। एडीए की अवस्थापना विकास निधि से हो रहे कामों की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त राजन शुक्ला ने काम की प्रगति धीमी होने पर सहायक अभियंता मानवेंद्र सिंह समेत तीन अवर अभियंताओं को जमकर फटकार लगाई। कार्यों में लापरवाही, रुचि न लेने और उदासीनता से भड़के मंडलायुक्त ने अभियंताओं को कठोर चेतावनी जारी करने का निर्देश दिया। काम में तेजी न आने पर निलंबन और विभागीय कार्रवाई की भी चेतावनी दी। उन्होंने एडीए उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पांडेय को सिविल लाइंस में सुंदरीकरण, आधुनिकीकरण का काम करा रही जय बिल्डर्स, एसएस एसोसिएट्स एवं प्रोग्रेसिव इंजीनियरिंग फर्मों को काम में रफ्तार के लिए कठोर चेतावनी के साथ ब्लैकलिस्ट करने का भी नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
सिविल लाइंस में सुंदरीकरण का काम दिसंबर 2015 में शुरू हुआ था। तत्कालीन उपाध्यक्ष तथा और काम देख रहे अधिशाषी अभियंता आरसी रावत ने दावा किया था कि उसे नौ माह यानी सिंतबर तक पूरा करा लिया जाएगा, लेकिन यहां अभी आधा काम भी नहीं हुआ है। समीक्षा बैठक में बताया गया कि महात्मा गांधी मार्ग पर पत्थर गिरजाघर से सुभाष चौराहा तक मार्ग का काम जय बिल्डर्स, सुभाष चौराहा से तुलसी चौराहा तक बाईं तरफ हनुमान मंदिर साइड मार्ग का काम एसएस एसोसिएट्स एवं दाहिनी ओर का काम प्रोग्रेसिव इंजीनियरिंग फर्म को दिया गया है। मंडलायुक्त ने तीनों फर्म के ठेकेदारों से काम की धीमी प्रगति के बारे में पूछा लेकिन वह सही जवाब नहीं दे सके।
सुभाष चौराहा के री-नियोजन की प्रगति के बारे में पूछने पर ठेकेदार ने बताया कि अभी इसकी डिजाइन नहीं मिली है। इस पर मंडलायुक्त ने एई एवं जेई को फटकार लगाई। काटजू बाग योजना से सलोरी योजना तक स्वीकृत काम शुरू न होने के संबंध में पूछने पर एक्सईएन ने बताया कि इसके लिए पुन: निविदा आमंत्रित की गई है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने वीसी से पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने अवस्थापना के काम शीघ्र पूरे कराने के निर्देश दिए। हाथी पार्क के सुंदरीकरण के बारे में भी जानकारी ली। बैठक में मुख्य अभियंता आरएन सिंह, एक्सईएन आरडी राय, अपर सचिव गुडाकेश शर्मा समेत अन्य अफसर मौजूद थे।
सिविल लाइंस में सुभाष चौराहा के पास बन रही मल्टीलेविल कार पार्किंग का मंगलवार को मंडलायुक्त राजन शुक्ला ने निरीक्षण किया। उन्होंने एडीए अफसरों को इसे एक माह में तैयार करने का निर्देश दिया। कार्य में तेजी से लाने के सा गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखने को कहा।