Chief accused of attacking Pradhanputra arrested
प्रयागराज। नवाबगंज के कौड़िहार चौराहे पर सरेआम गुंडई करने का मुख्य आरोपी राजमंगल गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है। बता दें कि प्रधानपुत्र मक्खन गिरि को लोहे की रॉड से घेरकर पीटने के बाद फायरिंग करने के मामले में नामजद आरोपी लगभग एक महीने से फरार चल रहा था।
सनसनीखेज घटना 28 दिसंबर को अंजाम दी गई थी। बेखौफ बदमाशों ने पहले असलहाें के बल पर दुबरा जगदीशपुर गांव की प्रधान मंजू देवी के बेटे मक्खन को कौड़िहार ब्लॉक गेट के सामने कार में खींचने की कोशिश की। जान बचाने के लिए भागने पर फायरिंग शुरू कर दी। एक के बाद एक दो गोलियां दागे जाने से मक्खन लड़खड़ाकर गिरा तो उसे घेरकर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। चौतरफा वार से बेहोश होने पर हमलावर उसे वहीं छोड़कर असलहा लहराते हुए भाग निकले। मामले में दुबरा जगदीशपुर के ही राजमंगल व उसके भाइयोें उमेश, अजय व भतीजे मोहित के अलावा दो अन्य पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से ही आरोपी घर छोड़कर भागे हुए थे। जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। बुधवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीओ अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि राजमंगल आपराधिक प्रवृत्ति का है जिसका नाम पहले भी आपराधिक वारदातोें में आ चुका है। मामले में नामजद तीन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।