केपी ट्रस्ट के नवनिर्वाचित अध्यक्ष चौ.जितेंद्र नाथ सिंह
एशिया के सबसे बड़े ट्रस्ट कायस्थ पाठशाला में चौधरी परिवार की बादशाहत बरकरार रही। दो बार अध्यक्ष रहे चौ. जितेंद्र नाथ सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी डॉ. सुशील कुमार सिन्हा को 2834 वोटों से हराकर तीसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। दूसरे और तीसरे स्थान के लिए जबर्दस्त लड़ाई हुई। सुशील सिन्हा 1598 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे, जबकि 1469 वोट के साथ कुमार नारायण को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। गुरुवार को बीस सदस्यीय कार्यकारिणी सदस्यों के लिए मतगणना कराई जाएगी।
केपी इंटर कॉलेज सभागार में बुधवार सुबह करीब सवा नौ बजे चुनाव अधिकारी रिटायर्ड डीआईजी पीके सक्सेना एवं उम्मीदवारों की मौजूदगी में मतगणना शुरू हुई। पहले राउंड की गिनती में ही जितेंद्रनाथ ने बढ़त बनानी शुरू कर दी। प्रथम चरण में 2017 गिने गए वोटों में जितेंद्रनाथ को 1044, डा. सुशील को 406 वोट एवं कुमार नारायण को 331 वोट मिले। दूसरे चरण की समाप्ति के बाद जितेंद्र नाथ की बढ़त और मजबूत हो गई। दूसरे रांउड में उनको 1032 वोट हासिल हुए जबकि 889 वोट के साथ सुशील दूसरे नंबर पर एवं कुमार नारायण 801 वोट हासिल कर सके।
तीसरे राउंड का परिणाम आने पर तस्वीर बिल्कुल साफ हो गई। जितेंद्रनाथ के समर्थकों का जोश आसमान पर पहुंच गया जबकि डा. सुशील एवं कुमार नारायण कैंप में खमोशी छा गई। तीसरे राउंड की गिनती के बाद जितेंद्रनाथ ने 2975 वोट के साथ मजबूत बढ़त हासिल कर ली, वहीं सुशील 1,384 वोट हासिल कर सके। तीसरे स्थान पर रहे कुमार नारायण के खाते में 1186 वोट आ सके। जितेंद्रनाथ की मजबूत लीड के बाद चौथा चरण महज औपचारिकता साबित हुआ। चौथे चरण में जितेंद्रनाथ के खाते में सर्वाधिक 1461 वोट के साथ 4432 मत हो गए। डा. सुशील ने चौंकाते हुए 1598 मतों के सहारे दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि कुमार नारायण को 1469 मतों से ही संतोष करना पड़ा।
उत्तर प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि, कायस्थ पाठशाला ट्रस्टी में सेवक के रूप में चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह को कार्य करने का मौका दिया है। सभी ट्रस्टी परिवार को मेरी ओर से ढेरों शुभकामनाएं।
इन्हें मिले इतने वोट
चौ. जितेंद्र नाथ सिंह 4432
डा. सुशील कुमार सिन्हा 1598
दीपक कुमार 53
कल्पना श्रीवास्तव 55
कुमार नारायण 1469
प्रीति श्रीवास्तव 06
रजनीकांत श्रीवास्तव 48
डा. विवेक श्रीवास्तव 822
अवैध वोट 98
कुल मत 8581