इलाहाबाद (ब्यूरो)। सीबीएसई की ओर से तीन मई को हुई ऑल इंडिया पीएमटी (एआईपीएमटी) का पर्चा लीक होने को लेकर प्रतियोगी छात्रों ने शुक्रवार को क्षेत्रीय कार्यालय का घेराव किया। परीक्षार्थियों ने बालसन चौराहे से मार्च निकालते हुए सीबीएसई कार्यालय पहुंचकर क्षेत्रीय कार्यालय पर प्रदर्शन किया। परीक्षार्थियों के प्रदर्शन को देखते हुए सीबीएसई कार्यालय पर भारी सुरक्षा बल लगाए गए थे। छात्रों ने परीक्षा निरस्त करने की मांग के साथ ज्ञापन सौंपा।
एआईपीएमटी में शामिल प्रतियोगी छात्र सीबीएसई कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए, वह परीक्षा निरस्त करने की मांग करने लगे। इसके बाद सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी पीयूष शर्मा ने छात्रों के एक प्रतिनिधि मंडल को वार्ता के लिए बुलाया। छात्रों ने सीबीएसई के अधिकारी को प्रश्नपत्र लीक होने के संबंध में साक्ष्य भी प्रस्तुत किए। इसके बाद सीबीएसई क्षेत्रीय अधिकारी ने आश्वासन दिया कि वह छात्रों की आपत्ति को सीबीएसई मुख्यालय तक पहुंचा देंगे। इससे पहले सीबीएसई ने सात मई को स्पष्टीकरण जारी करते हुए प्रश्नपत्र लीक होने से मना कर दिया था। धरना प्रदर्शन में अमरेन्दू सिंह, अमरेन्द्र पटेल, सुनील सिंह, शिखा श्रीवास्तव, अनिलेश तिवारी, श्रवण जायसवाल, सुधीर सिंह, अंकित द्विवेदी, योगेश चौहान, पारूल यादव, निधि मिश्रा शामिल रहीं।