सीबीएसई की ओर से घोषित बारहवीं के परिणाम में लगातार दूसरी बार कामर्स एवं मानविकी के छात्रों ने ऑल इंडिया मेरिट एवं क्षेत्रीय कार्यालयों की मेरिट में जगह बनाकर एक बार अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई है। भौतिक विज्ञान का प्रश्नपत्र पहले से ही खराब हो जाने से बड़ी संख्या में मेधावी टॉपर की सूची में पिछड़ गए। बोर्ड की ओर से टॉपर की सूची में मानविकी एवं कामर्स का दबदबा मूल्यांकन में बदलाव का संकेत देने वाला है। सीबीएसई की ओर से नंबर देने के ट्र्रेंड में आए बदलाव का असर है कि वाणिज्य एवं मानविकी के विद्यार्थी पूरे देश में टॉपर बनकर उभरे हैं। कामर्स के विद्यार्थी बिना किसी प्रयोगात्मक परीक्षा के नंबर जुटाने में आगे रहे।
मानविकी में छात्र इतिहास, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान में शत प्रतिशत अंक जुटाने में कामयाब रहे। सीबीएसई बारहवीं की ऑल इंडिया टॉपर हंशिका शुक्ला मानविकी विषय से टॉपर रहीं। इस मेधावी छात्रा ने अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति शास्त्र, मनोविज्ञान एवं हिंदुस्तानी गायन विषय लेकर अंक बटोरो। हंशिका को अंग्रेजी में मात्र एक अंक कम मिले। इसी प्रकार ऑल इंडिया टॉपर करिश्मा अरोरा ने अंग्रेजी, गृह विज्ञान, फाइन आर्ट, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र विषय लिए थे। इसमें करिश्मा को अर्थशास्त्र में मात्र एक अंक कम मिले। सीबीएसई में ऑल इंडिया दूसरी रैंक पाने वाली तीनों छात्राएं मानविकी की विद्यार्थी हैं। दूसरी रैंक पाने वाली गौरांगी इतिहास, शारीरिक शिक्षा, भूगोल में 100 अंक मिले तो अंग्रेजी और राजनीति विज्ञान में 99 अंक मिले। इलाहाबाद रीजन में पहली रैंक और देश भर में दूसरी रैंक पाने वाली रायबरेली की ऐश्वर्य को भूगोल, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी में 100 अंक और हिंदी, इतिहास में 99 अंक मिले हैं।
प्रयागराज में भी मानविकी-कॉमर्स का जलवा
बेथनी कान्वेंट की अदिति मिश्रा को हिंदी में पूरे 100 और अनुभव को 98 अंक मिले हैं। आर्मी स्कूल की स्वाति कुमारी 97.4 फीसदी अंक लेकर जिले में वाणिज्य वर्ग की टॉपर रहीं। गंगागुरुकुलम नवनीता नंदन वाणिज्य में 96.2 फीसदी अंक हासिल कर कॉलेज में टॉप किया।
अंग्रेजी में शहर के कई स्कूलों के छात्रों ने 100 से 98 अंक लेकर रिकार्ड बनाया है। एमपीवीएम के श्रेयस एवं अपूर्वा दास को अंग्रेजी में 99 अंक मिले, जबकि पंतजलि ऋषिकुल के शुभम आनंद, श्रेया यादव, श्रेय पांडेय को अंग्रेजी में 98 अंक मिले। इसी प्रकार एमपीवीएम के विनायक पांडेय को वाणिज्य वर्ग के एकाउंट में 97 अंक, यशराज, कार्तिकेय, प्रणय, सागरिका को बिजनेस स्टडीज में 95 अंक मिले हैं, सीबीएसई को नए शामिल विषय लीगल स्टडीज में हर्षवर्द्धन, रूफैद इम्तियाज को 98 अंक मिले।
कामर्स एवं मानविकी के छात्रों के टॉपर्स की लिस्ट में शामिल होने पर गंगागुरुकुलम की प्रधानाचार्या अल्पना डे का कहना है कि इस बार भौतिकी का प्रश्नपत्र कठिन होने के कारण विज्ञान वर्ग के छात्रों को कम अंक मिले, जबकि सीबीएसई की ओर से मानविकी एवं कामर्स में हर स्टेप पर नंबर देने के निर्देश का असर रहा कि इस वर्ग के बच्चे टॉपर बनकर सामने आए। वाणिज्य वर्ग में बिना किसी प्रैक्टिकल परीक्षा के बच्चे टॉपर बने, यह निर्णायक बदलाव का संकेत है। मानविकी एवं वाणिज्य से टॉपर सामने आने के बाद अब इस वर्ग में बच्चों का रुझान दिखाई पड़ रहा है, अब अभिभावक बच्चे को मात्र विज्ञान वर्ग में प्रवेश दिलाने की प्रवृत्ति से बचेंगे।